
रवि रंजन ।
नालंदा:जिलेके एकंगरसराय थाना क्षेत्र में रविवार रात एक पूर्व पंचायत समिति सदस्य की गोली मारकर हत्या के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल बन गया। तारापुर गांव के पास अज्ञात बदमाशों ने बाइक रुकवाकर वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने दो अलग-अलग स्थानों पर सड़क जाम कर हंगामा किया और आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ मुआवजे की मांग की।

मृतक की पहचान जगाय गांव निवासी स्वर्गीय गनौरी बिंद के 46 वर्षीय पुत्र श्याम प्रसाद के रूप में हुई है। श्याम प्रसाद पूर्व पंचायत समिति सदस्य होने के साथ एक निजी क्लिनिक में कंपाउंडर के तौर पर काम करते थे।
घर लौटते समय बदमाशों ने रोकी बाइक
परिजनों के मुताबिक, श्याम प्रसाद रोज की तरह निजी क्लिनिक में ड्यूटी खत्म कर रविवार रात बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान तारापुर गांव के पास पहले से घात लगाए बदमाशों ने उनकी बाइक रुकवाई।
परिजनों का आरोप है कि बदमाशों ने हथियार उनकी गर्दन के पास सटाकर गोली चला दी। गोली लगने से श्याम प्रसाद की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही परिवार और गांव के लोगों में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करने लगे।
एकंगरसराय चौराहे के बाद जगाय गांव में दोबारा जाम
हत्या के विरोध में ग्रामीणों ने सबसे पहले एकंगरसराय चौराहे पर सड़क जाम कर दी। जाम की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस के आश्वासन के बाद करीब आधे घंटे में जाम हटाया गया।
हालांकि इसके बाद ग्रामीणों का आक्रोश पूरी तरह शांत नहीं हुआ। लोगों ने जगाय गांव के पास दोबारा सड़क जाम कर दिया। ग्रामीण आरोपियों की गिरफ्तारी और मृतक के परिवार को मुआवजा देने की मांग कर रहे थे।
पंचायत चुनाव को लेकर भी चर्चा
श्याम प्रसाद पहले पंचायत समिति सदस्य रह चुके थे। ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि वह आगामी पंचायत चुनाव में मुखिया पद के लिए चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे। हालांकि हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।
पुलिस इस मामले को प्रथम दृष्टया सुनियोजित हत्या मानकर विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। मृतक की किसी से पुरानी रंजिश थी या हत्या के पीछे कोई अन्य कारण है, इसका पता लगाया जा रहा है।
FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य
एकंगरसराय थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना की सूचना के बाद एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस सभी संभावित बिंदुओं पर जांच कर रही है।
थानाध्यक्ष के मुताबिक, आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस जल्द ही घटना में शामिल लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
फिलहाल हत्या के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है। वहीं, ग्रामीणों में घटना को लेकर काफी आक्रोश है।



