अंग्रेजी शिक्षक डॉ. अशोक कुमार सिंह की पुस्तक ने बनाया अंतरराष्ट्रीय रिकॉर्ड, ‘ए मिरर ऑफ कॉमन एरर्स’ को मिली जगह – पटना ।

रवि रंजन ।
पटना : बिहार के प्रख्यात अंग्रेजी शिक्षक एवं लेखक डॉ. अशोक कुमार सिंह ने अपनी पुस्तक ‘ए मिरर ऑफ कॉमन एरर्स’ के जरिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। उनकी इस पुस्तक को अमेरिका बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में शामिल किया गया है। अंग्रेजी भाषा के शिक्षण और लेखन के क्षेत्र में उनके लंबे योगदान को इस उपलब्धि का आधार बताया गया है।
पटना के ए-वन प्रकाशन की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, डॉ. सिंह को अंग्रेजी पढ़ाने का 36 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वह लंबे समय से छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए अंग्रेजी की शिक्षा दे रहे हैं। उनके मार्गदर्शन में पढ़ाई करने वाले कई छात्र आज राज्य और केंद्र सरकारों में महत्वपूर्ण पदों पर कार्यरत हैं।
डॉ. सिंह अब तक प्रतियोगी परीक्षाओं और अकादमिक शिक्षा से जुड़ी 18 पुस्तकें लिख चुके हैं। उनकी पुस्तकें बिहार और झारखंड समेत देश के विभिन्न हिस्सों में छात्रों एवं शिक्षकों के बीच लोकप्रिय हैं। ‘ए मिरर ऑफ कॉमन एरर्स’ को उन्होंने 58 अंतरराष्ट्रीय पुस्तकों के अध्ययन के आधार पर तैयार किया है। पुस्तक की लोकप्रियता और गुणवत्ता के मद्देनजर इसे अमेरिका बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में स्थान मिला है। संस्था की ओर से उन्हें लाइफटाइम मेंबरशिप कार्ड भी प्रदान किया गया है।
डॉ. सिंह की इस उपलब्धि में उनके परिवार का भी योगदान रहा है। उनकी पत्नी रंजना सिंह ने पुस्तक लेखन और प्रकाशन के कार्यों में सहयोग किया है। वहीं, उनकी छोटी पुत्री निशा सिंह ने लंदन स्थित क्वीन मैरी यूनिवर्सिटी से एलएलएम की पढ़ाई पूरी की है। परिवार के अन्य सदस्य भी प्रतियोगी अर्थशास्त्र और गणित के शिक्षण से जुड़े रहे हैं।
डॉ. अशोक कुमार सिंह की पुस्तक का संशोधित संस्करण वर्ष 2027 में प्रकाशित करने की तैयारी है। उनकी यह उपलब्धि बिहार के शैक्षणिक और साहित्यिक जगत के लिए गौरव की बात मानी जा रही है।



