दरभंगा एम्स के निर्माण की दिशा में निर्णायक पहल ₹1,549.25 करोड़ की निविदा जारी, मिथिला के विकास को मिलेगी नई गति : डॉ. धर्मशीला गुप्ता दरभंगा ।

रवि रंजन ।
*दरभंगा : दरभंगा एम्स के अस्पताल भवन, अकादमिक ब्लॉक, आवासीय परिसर एवं अन्य आधारभूत संरचनाओं के निर्माण के लिए ₹1,549.25 करोड़ की निविदा जारी होने पर भाजपा नेत्री एवं राज्यसभा सांसद डॉ. धर्मशीला गुप्ता ने प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा एवं बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रति आभार जताया।
डॉ. गुप्ता ने कहा कि दरभंगा एम्स केवल एक अस्पताल नहीं, बल्कि मिथिलांचल और उत्तर बिहार के करोड़ों लोगों के बेहतर स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा और क्षेत्रीय विकास की उम्मीदों का केंद्र है। लगभग 187 एकड़ में बनने वाले इस संस्थान का निर्माण ईपीसी मॉडल पर किया जाएगा, जिसके लिए 30 महीने की समयसीमा निर्धारित की गई है।
उन्होंने कहा कि एम्स के शुरू होने से उत्तर बिहार के लोगों को अत्याधुनिक एवं सुपर स्पेशियलिटी चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी। गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए बड़े शहरों की ओर जाने की मजबूरी कम होगी। साथ ही चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
डॉ. गुप्ता ने कहा कि निविदा जारी होना परियोजना के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। दरभंगा एम्स मिथिला के लिए एक ऐतिहासिक सौगात साबित होगा और आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का मार्ग प्रशस्त करेगा।



