53 विभूतियों को मिलेगा सम्मान, चित्रगुप्त पूजा महोत्सव पर 10 नवंबर को पटना सिटी में सजेगी सांस्कृतिक संध्या – पटना ।

रवि रंजन ।
पटना: प्रतिभाओं का सम्मान और सांस्कृतिक विरासत का उत्सव… भगवान श्री चित्रगुप्त पूजा महोत्सव के अवसर पर चित्रगुप्त सामाजिक संस्थान की ओर से पटना सिटी में भव्य सांस्कृतिक संध्या सह सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। 10 नवंबर को गिरिराज उत्सव पैलेस में होने वाले इस समारोह में साहित्य, कला, संस्कृति, संगीत, चिकित्सा, शिक्षा और समाजसेवा समेत विभिन्न क्षेत्रों की 53 विभूतियों को सम्मानित किया जाएगा।
संस्थान के प्रधान सचिव कमल नयन श्रीवास्तव ने बताया कि समारोह में नागालैंड के राज्यपाल नंदकिशोर यादव, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद रविशंकर प्रसाद, पद्मश्री से सम्मानित प्रख्यात चिकित्सक डॉ. गोपाल प्रसाद सिन्हा, विधान पार्षद डॉ. संजय मयूख, विधायक रत्नेश कुमार और पूर्व कुलपति के.सी. सिन्हा समेत कई गणमान्य अतिथि शामिल होंगे।
उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल सम्मान समारोह नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, सांस्कृतिक चेतना और प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का मंच है। विभिन्न क्षेत्रों में अपनी अलग पहचान बनाने वाली हस्तियों को सम्मानित कर उनके योगदान को समाज के सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है।
संस्थान के अध्यक्ष गणेश कुमार सिन्हा ने कहा कि इस वर्ष 53 विभूतियों को सम्मान-अलंकरण देने का निर्णय लिया गया है। साहित्य, कला, संस्कृति, संगीत, चिकित्सा, शिक्षा और समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय काम करने वाली प्रतिभाओं का चयन किया गया है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
समारोह 10 नवंबर को दोपहर दो बजे पटना सिटी के बेलवरगंज स्थित गिरिराज उत्सव पैलेस, पश्चिम दरवाजा में आयोजित होगा। संस्थान की ओर से समाज के लोगों से बड़ी संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाने की अपील की गई है ।



