छठ व्रतियों के लिए बड़गांव धाम में होगा खास इंतजाम, 5000 लोगों की क्षमता वाले दो जर्मन हैंगर पंडाल बनेंगे – श्रवण कुमार ।
छठ व्रतियों के लिए बड़गांव धाम में होगा खास इंतजाम

रवि रंजन ।
नालंदा: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर नालंदा के ऐतिहासिक बड़गांव धाम में तैयारियां तेज हो गई हैं। यहां लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन इस बार सुविधाओं और सुरक्षा के विशेष इंतजाम में जुटा है। बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार ने सांसद कौशलेंद्र कुमार के साथ छठ घाट का निरीक्षण किया और अधिकारियों को व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि छठ बिहार की आत्मा और लोक आस्था का महान पर्व है। बड़गांव धाम का धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व है। यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान सूर्य को अर्घ्य देने पहुंचते हैं। ऐसे में छठ व्रतियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी।
5000 लोगों के ठहरने की होगी व्यवस्था
मंत्री ने बताया कि श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए 5000 लोगों की क्षमता वाले दो जर्मन हैंगर पंडाल और बांस से बने चार पंडाल लगाए जाएंगे। इसके अलावा 16 चलंत शौचालय, 45 स्थायी शौचालय और 10 चेंजिंग रूम की व्यवस्था होगी। शुद्ध पेयजल, पर्याप्त रोशनी और पार्किंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
सुरक्षा से लेकर ट्रैफिक तक पर विशेष नजर
मंत्री ने अधिकारियों को घाट और तालाब की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात को समय रहते दुरुस्त करने का निर्देश दिया। श्रद्धालुओं को माइकिंग के जरिए लगातार जरूरी सूचनाएं दी जाएंगी। आपात स्थिति से निपटने के लिए आपदा प्रबंधन की तैयारी रखने और जरूरत पड़ने पर एनडीआरएफ की टीम तैनात करने को भी कहा गया है।
वहीं, सांसद कौशलेंद्र कुमार ने कहा कि छठ महापर्व के दौरान व्रतियों और श्रद्धालुओं को हर संभव सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रशासनिक स्तर पर सभी जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं।



