नीतीश कुमार ने बख्तियारपुर-राजगीर फोरलेन सड़क का किया निरीक्षण – पटना / नालन्दा ।

रवि रंजन ।
पटना/नालंदा। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बख्तियारपुर से जगदंबा स्थान होते हुए सलेहपुर से झालर (राजगीर) तक निर्माणाधीन फोरलेन सड़क का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सड़क निर्माण की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान नीतीश कुमार ने अधिकारियों से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सड़क निर्माण में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और निर्धारित समय-सीमा के भीतर काम पूरा किया जाए, ताकि लोगों को जल्द बेहतर आवागमन की सुविधा मिल सके।
नीतीश कुमार के निरीक्षण की खबर मिलते ही इलाके में स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। अपने नेता की एक झलक पाने के लिए लोग उत्साहित नजर आए। इस दौरान लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।
गौरतलब है कि बख्तियारपुर से राजगीर क्षेत्र को जोड़ने वाली यह सड़क परियोजना यातायात को सुगम बनाने के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। फोरलेन सड़क बनने से क्षेत्र में आवागमन की सुविधा बेहतर होने के साथ आसपास के इलाकों के विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है।
निरीक्षण के दौरान नीतीश कुमार ने विकास कार्यों को प्राथमिकता देने और निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने का संदेश दिया। स्थानीय लोगों के बीच उनकी मौजूदगी भी चर्चा का विषय बनी रही।



