
रवि रंजन ।
नालंदा: जिले के हिलसा थाना क्षेत्र में रविवार की शाम एक होटल में अचानक हुई फायरिंग से अफरा-तफरी मच गई। पश्चिमी बाईपास स्थित एक होटल में स्कूटी सवार तीन बदमाशों ने कथित तौर पर फायरिंग कर दी। इस दौरान होटल में बैठकर चाय पी रहा एक ग्राहक गोली लगने से घायल हो गया।
घायल की पहचान एकंगरसराय थाना क्षेत्र के कोशियावां गांव निवासी अवधेश प्रसाद के पुत्र विकास कुमार के रूप में हुई है। गोली विकास के बाएं पैर में लगी है। घटना के बाद आनन-फानन में उसे इलाज के लिए हिलसा अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया।
होटल में चाय-नाश्ता कर रहे थे लोग, तभी हुई फायरिंग
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रविवार शाम होटल में कई लोग चाय-नाश्ता कर रहे थे। इसी दौरान स्कूटी पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे। बताया जा रहा है कि होटल पहुंचते ही युवकों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और इसके बाद अचानक फायरिंग कर दी।
गोली चलने की आवाज से होटल में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इसी दौरान होटल में बैठे विकास कुमार के बाएं पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।
वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि बदमाश हथियार लहराते हुए वहां से निकल गए।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद हिलसा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लोगों से पूछताछ की है। फायरिंग के पीछे की वजह और आरोपियों की पहचान की जा रही है।
हिलसा थानाध्यक्ष चंद्रभानु ने बताया कि होटल में फायरिंग की घटना हुई है, जिसमें एक व्यक्ति घायल हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल गोली लगने से घायल विकास कुमार का पटना में इलाज कराया जा रहा है। घटना के बाद होटल और आसपास के इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।



