
रवि रंजन ।
नालंदा: जिले में मंगलवार को दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दो विवाहित महिलाओं की लाश फंदे से लटकी मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों मामलों में मृतकाओं के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है। वहीं, पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और लिखित शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सिलाव में विवाहिता की मौत, मायके वालों ने जताया हत्या का शक
पहली घटना सिलाव थाना क्षेत्र के गोबडीहा गांव की है। यहां 27 वर्षीय विवाहिता प्रीति कुमारी उर्फ काजल की लाश घर के अंदर फंदे से लटकी मिली। प्रीति दो बच्चों की मां थीं और सास-ससुर के साथ रह रही थीं। उनके पति पिंटू सिंह चेन्नई में निजी कंपनी में काम करते हैं।

मृतका का मायका नवादा जिले के नारदीगंज थाना क्षेत्र के जनपुरा गांव में है। घटना की सूचना मिलने के बाद मायके के लोग मौके पर पहुंचे। ससुराल पक्ष की ओर से घटना को खुदकुशी बताया जा रहा है, जबकि मायके वालों ने हत्या की आशंका जताते हुए जांच की मांग की है।
सिलाव थानाध्यक्ष आदित्य कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला खुदकुशी का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। लिखित शिकायत मिलने पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
परवलपुर में अवैध संबंध के विरोध पर हत्या का आरोप
दूसरी घटना परवलपुर थाना क्षेत्र के लोदीपुर मटियापर गांव की है। यहां 24 वर्षीय विवाहिता प्रीति देवी की लाश कमरे में फंदे से लटकी मिली। मृतका जहानाबाद जिले के हुलासगंज थाना क्षेत्र के रुस्तमपुर गांव की रहने वाली थीं और एक बेटी की मां थीं।
मृतका के मायके वालों ने आरोप लगाया है कि प्रीति के पति पिंटू कुमार का गांव की ही एक महिला के साथ अवैध संबंध था। परिजनों के मुताबिक, सोमवार को प्रीति मंदिर जाने के लिए अपने जेवर घर में रखी थीं। बाद में जेवर गायब मिले। पूछताछ करने पर पति ने कथित तौर पर जेवर दूसरी महिला को देने की बात कही।

इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। मायके वालों का आरोप है कि विवाद के दौरान पिंटू कुमार ने लाठी-डंडे से प्रीति की पिटाई कर दी, जिससे उनकी मौत हो गई। इसके बाद हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटका दिया गया।
हालांकि, इन आरोपों की पुलिस ने अभी पुष्टि नहीं की है। परवलपुर थानाध्यक्ष रोशन कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा। पुलिस को लिखित आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जाएगी।
दो अलग-अलग घटनाओं में फंदे से लटकी मिली महिलाओं की लाश के बाद पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की शिकायत के आधार पर जांच आगे बढ़ाएगी। दोनों मामलों में मौत की असली वजह पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।



