
रवि रंजन ।
चंडी: नालंदा जिले में एक बार फिर डकैती की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। चंडी थाना क्षेत्र के अकेड़ गांव में सोमवार की देर रात बदमाशों ने महिला सरपंच के घर को निशाना बनाया। हथियारबंद बदमाशों ने महिला सरपंच खुशबू कुमारी को बंधक बनाकर घर में रखे 10 हजार रुपये नकद और सोने के जेवरात लूट लिए। घटना के बाद पुलिस बदमाशों की तलाश में जुट गई है।
बताया जा रहा है कि सोमवार की रात करीब 12 बजे महिला सरपंच खुशबू कुमारी शौच के लिए घर का दरवाजा खोलकर बाहर निकली थीं। इसी दौरान पहले से घात लगाए करीब पांच बदमाशों ने उन्हें हथियार के बल पर अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद बदमाश महिला सरपंच को बंधक बनाकर घर के अंदर ले गए।
घटना के वक्त घर में महिला सरपंच और उनकी बेटी मौजूद थीं। उनके पति रविश कुमार काम के सिलसिले में दूसरे शहर गए हुए थे। बदमाशों ने घर में रखे सामान की तलाशी ली। इस दौरान तकिया के नीचे रखे 10 हजार रुपये नकद के अलावा सोने की कर्णबाली और अन्य जेवरात अपने कब्जे में ले लिए।
लूटपाट करने के बाद सभी बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद महिला सरपंच और उनके परिवार में दहशत का माहौल है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
पहले भी हो चुकी है बड़ी डकैती
नालंदा में हाल के दिनों में डकैती की घटनाओं ने पुलिस की चिंता बढ़ाई है। इससे पहले 3 अगस्त की रात दीपनगर थाना क्षेत्र के देवीसराय मोहल्ले में बदमाशों ने एक होलसेल बीज व्यवसायी के घर धावा बोलकर करीब सवा करोड़ रुपये की संपत्ति लूट ली थी। इस मामले में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि नौ फरार बदमाशों की तलाश जारी है।
चंडी थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार झा ने बताया कि पीड़ित के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। घटना में शामिल बदमाशों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही बदमाशों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।


