
रवि रंजन ।
नालंदा: जिले के बिंद थाना क्षेत्र में मंगलवार की रात ताजनीपुर पंचायत की मुखिया प्रतिमा कुमारी के भाई सह मुखिया प्रतिनिधि जितेंद्र कुमार पर करीब एक दर्जन बदमाशों ने हमला कर दिया। बदमाशों ने रॉड और लाठी-डंडे से उनकी जमकर पिटाई की, जिससे उनके दोनों पैर टूट गए। घटना के बाद सभी अज्ञात बदमाश मौके से फरार हो गए।

घटना बिंद थाना क्षेत्र के नौरंग गांव स्थित जिराइन नदी पुल के पास की है। परिजनों के अनुसार, जितेंद्र कुमार बाजार से खरीदारी करने के बाद बाइक से नौरंगा गांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पुल के पास पहले से घात लगाए बदमाशों ने उनकी बाइक को जबरन रुकवा लिया।
बाइक रुकते ही बदमाशों ने जितेंद्र कुमार पर रॉड और लाठी से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। मारपीट में उनके दोनों पैरों में गंभीर चोट आई और दोनों पैर टूट गए। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही बिंद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से घायल जितेंद्र कुमार को स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
घायल के परिजनों के मुताबिक, जितेंद्र कुमार की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। ऐसे में रास्ते में घेरकर हमला किए जाने से परिवार के लोग भी हैरान हैं। परिजनों ने घटना की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस अज्ञात बदमाशों की पहचान करने और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
बिंद थानाध्यक्ष मुरली मनोहर आजाद ने बताया कि घायल जितेंद्र कुमार को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस मामले में अग्रेतर कार्रवाई कर रही है।



