Welcome to KHABRE TV   Click to listen highlighted text! Welcome to KHABRE TV
AdministrationEntertainmentState

श्रेयांश यादव ने रचा इतिहास, राष्ट्रीय तैराकी चैंपियनशिप में बिहार को दिलाया कांस्य पदक – पटना ।

100 मीटर फ्रीस्टाइल में शानदार प्रदर्शन, पुरुष वर्ग में बिहार के लिए राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि

रवि रंजन । 
पटना, : बिहार की तैराकी के लिए रविवार का दिन खास उपलब्धि लेकर आया। जयपुर में आयोजित 42वीं सब-जूनियर राष्ट्रीय एक्वेटिक चैंपियनशिप में बिहार के युवा तैराक श्रेयांश यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 100 मीटर फ्रीस्टाइल, बॉयज ग्रुप-III में कांस्य पदक अपने नाम किया।
6 से 9 अगस्त तक आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता के फाइनल में श्रेयांश यादव ने 1 मिनट 02.56 सेकेंड का समय निकालकर तीसरा स्थान हासिल किया। उनकी इस सफलता से बिहार की तैराकी को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है।


श्रेयांश की उपलब्धि को बिहार के युवा तैराकों के लिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस पदक से राज्य के खिलाड़ियों में यह भरोसा मजबूत हुआ है कि बेहतर प्रशिक्षण, सुविधाएं और सही अवसर मिलने पर बिहार के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकते हैं।
करीब चार दशक बाद पुरुष वर्ग में बड़ी उपलब्धि
बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक-सह-मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवीन्द्रण शंकरण ने श्रेयांश यादव की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए इसे बिहार की तैराकी के लिए विशेष उपलब्धि बताया।
उन्होंने कहा कि करीब चार दशक से राष्ट्रीय स्तर पर बिहार की तैराकी में पदक का इंतजार रहा है। पिछले कुछ वर्षों में स्थिति में तेजी से बदलाव आया है और खिलाड़ियों के बेहतर प्रदर्शन के परिणाम सामने आ रहे हैं।
उन्होंने खेलो इंडिया में कात्यायनी सिंह की उपलब्धि और वर्ष 2024 की सीनियर राष्ट्रीय तैराकी चैंपियनशिप में माही स्वेतराज के तीन स्वर्ण पदकों का उल्लेख करते हुए कहा कि पुरुष वर्ग में श्रेयांश यादव का राष्ट्रीय पदक बिहार की तैराकी के लिए एक और बड़ी उपलब्धि है।
पारदर्शी चयन प्रक्रिया से राष्ट्रीय मंच तक पहुंचे श्रेयांश
श्रेयांश यादव के चयन को लेकर भी बिहार राज्य खेल प्राधिकरण ने चयन प्रक्रिया को महत्वपूर्ण बताया है। भारतीय तैराकी महासंघ और बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के सहयोग से राजगीर पुलिस अकादमी के 50 मीटर स्विमिंग पूल में चयन परीक्षण आयोजित किया गया था।
इसी चयन परीक्षण के माध्यम से श्रेयांश का चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ। इसके बाद उन्होंने जयपुर में आयोजित राष्ट्रीय चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया।
रवीन्द्रण शंकरण ने कहा कि श्रेयांश की सफलता यह साबित करती है कि बिहार में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत प्रतिभाओं को पहचानने, पारदर्शी तरीके से चयन करने, बेहतर प्रशिक्षण एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने और खिलाड़ियों को अपनी क्षमता साबित करने का अवसर देने की है।
खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने दी बधाई
बिहार की खेल मंत्री सुश्री श्रेयसी सिंह ने भी श्रेयांश यादव को राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन और कांस्य पदक जीतने पर बधाई दी। उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर बिहार के युवा तैराक की यह सफलता राज्य में तैराकी के बढ़ते आधार और खिलाड़ियों की मेहनत का परिणाम है।
खेल मंत्री ने बिहार में तैराकी को आगे बढ़ाने के प्रयासों के लिए बिहार स्विमिंग एसोसिएशन के सचिव अखिलेश्वर नाथ तिवारी और पटना जिला स्विमिंग एसोसिएशन के सचिव गजेन्द्र कुमार को भी शुभकामनाएं दीं।
श्रेयांश यादव की यह उपलब्धि बिहार के उभरते तैराकों के लिए प्रेरणा बनकर सामने आई है। राष्ट्रीय मंच पर मिले इस पदक से राज्य में तैराकी को लेकर उम्मीदें और मजबूत हुई हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!