रवि रंजन ।
नालंदा: जिले के कतरीसराय थाना क्षेत्र में गिरियक-शाहपुर स्टेट हाईवे-71 पर रविवार को हुए सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। हादसा कतरी मोड़ स्थित जगदंबा धर्मकांटा के पास हुआ। मृतक की पहचान शेखपुरा जिले के शेखोपुरसराय थाना क्षेत्र के मियां बिगहा निवासी धर्मेंद्र कुमार (40) के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि धर्मेंद्र कुमार अपनी हीरो बाइक से गिरियक की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक हाइवा ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक सवार सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना गंभीर था कि धर्मेंद्र कुमार की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद हाइवा चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। हादसे की जानकारी मिलने पर कतरीसराय थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।
कतरीसराय थानाध्यक्ष ने बताया कि सड़क दुर्घटना में युवक की मौत हुई है। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए बिहार शरीफ सदर अस्पताल भेज दिया है। फरार हाइवा और उसके चालक की पहचान करने के लिए पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
हादसे के बाद मृतक के परिवार में मातम का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों के साथ-साथ फरार वाहन चालक का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।



