Welcome to KHABRE TV   Click to listen highlighted text! Welcome to KHABRE TV
AdministrationState

जिले के सभी 14 प्रखंडों में दो दिवसीय जन-कल्याण शिविर 17 व 18 को, आवेदन से लाभ वितरण तक होगी सुविधा – नवादा |

रवीन्द्र नाथ भैया |

जिला पदाधिकारी श्री रवि प्रकाश की अध्यक्षता में उनके कार्यालय प्रकोष्ठ में प्रखंड सहयोग-सह-जन-कल्याण शिविर के सफल आयोजन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
जिला पदाधिकारी ने बताया कि केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पात्र व्यक्ति एवं लाभार्थियों तक सुनिश्चित रूप से पहुँचाने के उद्देश्य से दिनांक 17 एवं 18 जून, 2026 को जिले के सभी 14 प्रखंडों में एक साथ प्रखंड सहयोग-सह-जन-कल्याण शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत आवेदन, निबंधन, सत्यापन, ई-केवाईसी, लंबित प्रकरणों के निष्पादन तथा लाभ वितरण की कार्रवाई की जाएगी।
शिविर में आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, आयुष्मान वय वंदना कार्ड (70 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों हेतु), सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाएँ, पीएम सूर्य घर-मुफ्त बिजली योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, लखपति दीदी योजना, पीएम स्वनिधि योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान एवं छात्रवृत्ति योजनाएँ, मुख्यमंत्री उद्यमी योजना, मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना, दिव्यांगजन कल्याण योजनाएँ, बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड (BOCW) की योजनाएँ, मुख्यमंत्री स्वयं सहायता भत्ता योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित सेवाएँ उपलब्ध कराई जाएँगी।
बैठक में जिला पदाधिकारी द्वारा सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को शिविर के सफल संचालन हेतु आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने प्रत्येक योजना के लिए पृथक काउंटर स्थापित करने तथा प्रत्येक काउंटर के लिए नोडल पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने शिविर स्थल पर हेल्प डेस्क स्थापित करने का निर्देश देते हुए कहा कि प्रशिक्षित स्वयंसेवक एवं कर्मी लाभार्थियों को सही काउंटर तक पहुँचाने, आवेदन प्रपत्र भरने तथा आवश्यक दस्तावेजीकरण में सहयोग प्रदान करेंगे।
जिला पदाधिकारी ने शिविर स्थल पर मेडिकल स्टॉल की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश सिविल सर्जन को दिया। मेडिकल स्टॉल में प्राथमिक स्वास्थ्य जाँच जैसे रक्तचाप, शुगर परीक्षण एवं स्वास्थ्य परामर्श की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
बैठक में सभी प्रखंडों में शिविर का व्यापक प्रचार-प्रसार ग्राम पंचायत स्तर तक सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही लाभार्थियों को यह जानकारी पूर्व से उपलब्ध कराने को कहा गया कि वे शिविर में भाग लेने के दौरान आधार कार्ड, राशन कार्ड, बैंक पासबुक एवं अन्य आवश्यक प्रमाण-पत्र अपने साथ अवश्य लाएँ, ताकि आवेदन, निबंधन एवं लाभ वितरण की प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
बैठक में जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे एवं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी अनुमंडल एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!