राजगीर रोपवे में तकनीकी खराबी, 50 मीटर की ऊंचाई पर 25 पर्यटक फंसे, 1 घंटे बाद सुरक्षित रेस्क्यू : राजगीर |
राजगीर रोपवे हादसा: 50 मीटर ऊंचाई पर फंसे 25 पर्यटक, सुरक्षित रेस्क्यू

रवि रंजन |
नालंदा, राजगीर : राजगीर के रत्नागिरी पर्वत पर स्थित रोपवे में मंगलवार की शाम तेज बिजली कड़कने के कारण अचानक तकनीकी खराबी आ गई। इससे रोपवे का संचालन ठप हो गया और करीब 50 मीटर की ऊंचाई पर चार केबिन हवा में रुक गए। इन केबिनों में सवार करीब 25 पर्यटकों के बीच कुछ देर के लिए अफरातफरी और दहशत का माहौल बन गया।

रेस्क्यू टीम ने चलाया अभियान:
सूचना मिलते ही रोपवे की प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम तुरंत सक्रिय हुई। टीम ने विशेष रेस्क्यू इंजन और उपकरणों की मदद से करीब एक घंटे तक चले अभियान के बाद सभी पर्यटकों को सुरक्षित नीचे उतार लिया। सभी यात्री सुरक्षित हैं और किसी को कोई चोट नहीं आई है।रोपवे प्रबंधक का बयान:
रोपवे प्रबंधक दीपक कुमार ने बताया कि तेज बिजली कड़कने के कारण तकनीकी समस्या उत्पन्न हुई थी, जिसकी वजह से रोपवे बंद हो गया। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए रोपवे परिसर में प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम, विशेष रेस्क्यू इंजन और आवश्यक उपकरण हमेशा उपलब्ध रहते हैं। इसी तत्परता की वजह से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
तकनीशियन ने बताई सुरक्षा व्यवस्था:
टेक्नीशियन चंद्रकांत चक्रवर्ती ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के तहत रोपवे रुकने की स्थिति में केबिन का दरवाजा स्वत: नहीं खुलता। ऐसे में प्रशिक्षित कर्मी विशेष तकनीक के जरिए केबिन का दरवाजा खोलकर यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालते हैं। खराबी ठीक होने के बाद रोपवे का संचालन फिर से शुरू कर दिया गया।
पर्यटकों की भीड़:
उन्होंने बताया कि रत्नागिरी पर्वत पर स्थित विश्व शांति स्तूप जमीन से करीब 400 मीटर की ऊंचाई पर है। श्रावण माह में यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु व पर्यटक रोपवे की सवारी करने पहुंचते हैं। ऐसे में रोपवे प्रबंधन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार सतर्क रहने का दावा कर रहा है।



