बिहारशरीफ रेलवे स्टेशन पर इंसानियत की मिसाल: श्रमजीवी एक्सप्रेस में महिला ने जुड़वा बच्चों को दिया जन्म, किन्नरों ने कराई डिलीवरी, नवजात बच्ची की मौत – बिहार शरीफ ।
दिल्ली से गांव लौट रही गर्भवती महिला को ट्रेन में शुरू हुई प्रसव पीड़ा, बिहारशरीफ स्टेशन पर किन्नरों ने पर्दा बनाकर कराया दूसरा प्रसव; मां और नवजात बेटा सुरक्षित।

रवि रंजन ।
बिहार शरीफ : नालंदा के बिहारशरीफ रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को मानवता की मिसाल देखने को मिली। राजगीर-नई दिल्ली श्रमजीवी एक्सप्रेस में सफर कर रही गर्भवती महिला सिंपुल देवी ने जुड़वा बच्चों को जन्म दिया। महिला के साथ कोई अन्य महिला नहीं थी और अधिकांश यात्री केवल तमाशबीन बने रहे। ऐसे में ट्रेन में सफर कर रहे तीन किन्नरों ने आगे बढ़कर महिला की मदद की और सुरक्षित प्रसव कराया।
महिला नालंदा जिले के बिंद थाना क्षेत्र के अमावा गांव की रहने वाली है। वह अपने पति के साथ दिल्ली में मजदूरी करती थी और प्रसव के लिए अपने गांव लौट रही थी। ट्रेन में पहले बच्चे का जन्म हुआ, जबकि बिहारशरीफ रेलवे स्टेशन पहुंचने के बाद किन्नरों की मदद से दूसरे बच्चे का जन्म कराया गया।
सूचना मिलने पर 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और जच्चा व दोनों नवजातों को बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान नवजात बच्ची की मौत हो गई, जबकि मां और नवजात बेटा स्वस्थ हैं।

किन्नरों ने बताया कि स्टेशन पर काफी लोग मौजूद थे, लेकिन कोई भी मदद के लिए आगे नहीं आया। मानवता के नाते उन्होंने यात्रियों से कपड़ा लेकर पर्दा बनाया और महिला का सुरक्षित प्रसव कराया। यह घटना संकट की घड़ी में इंसानियत की एक प्रेरणादायक मिसाल बन गई।



