Welcome to KHABRE TV   Click to listen highlighted text! Welcome to KHABRE TV
CrimeState

रातभर दहशत में रहा धनवां गांव, आश्रम में घुसे हाथियों ने मचाई तबाही नवादा |

रवीन्द्र नाथ भैया |

जिले के कौआकोल प्रखंड क्षेत्र के धनवा गांव में देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब जंगली हाथियों का झुंड गांव के दक्षिण आश्रम परिसर में घुस गया। हाथियों की मौजूदगी से पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया और ग्रामीण रातभर जागकर अपनी सुरक्षा में लगे रहे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देर रात जंगल की ओर से आए हाथियों का झुंड आश्रम परिसर में प्रवेश कर गया। हाथियों ने परिसर में लगे पेड़-पौधों, फसलों तथा अन्य सामान को नुकसान पहुंचाया।
हाथियों की चिंघाड़ और उत्पात से आसपास के लोगों में भय व्याप्त हो गया। कई परिवार एहतियात के तौर पर अपने घरों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों पर चले गए।
ग्रामीणों ने बताया कि हाथियों को भगाने के लिए लोगों ने ढोल-नगाड़े बजाए, टॉर्च की रोशनी की और शोर मचाया, लेकिन हाथी काफी देर तक क्षेत्र में डटा रहा। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति पर नजर रखी।
गांव के लोगों का कहना है कि पिछले कुछ समय से जंगली हाथियों की गतिविधियां बढ़ गई हैं, जिससे किसानों और ग्रामीणों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हाथियों द्वारा फसलों को नुकसान पहुंचाने की घटनाएं बढ़ी हैं।
वन विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों से हाथियों के नजदीक न जाने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत विभाग को सूचना देने की अपील की है। साथ ही हाथियों के झुंड की निगरानी की जा रही है ताकि उन्हें सुरक्षित रूप से जंगल की ओर वापस भेजा जा सके।
घटना के बाद धनवां गांव में भय और चिंता का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग से स्थायी समाधान की मांग करते हुए हाथियों के लगातार बढ़ते आतंक पर रोक लगाने की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!