सबका सम्मान-जीवन आसान” के तहत जिलेभर में जनसुनवाई में आये 19 मामले – नवादा |

नवादा : बिहार सरकार के सात निश्चय-3 के सातवें निश्चय “सबका सम्मान-जीवन आसान ” का मुख्य उद्देश्य राज्य के सभी नागरिकों के दैनिक जीवन में आने वाली कठिनाइयों को कम कर उनके जीवन को अधिक सरल, सहज एवं सम्मानजनक बनाना है। इस निश्चय के अंतर्गत यह सुनिश्चित किया गया है कि आमजनों को सरकारी कार्यालयों से संबंधित कार्यों के निष्पादन में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उक्त उद्देश्य की प्राप्ति हेतु प्रत्येक सप्ताह सोमवार एवं शुक्रवार को जिले के सभी सरकारी कार्यालयों में जनसुनवाई की व्यवस्था लागू की गई है।
जिला पदाधिकारी, श्री रवि प्रकाश के निर्देशानुसार जिले के ग्राम पंचायत, थाना, अंचल, प्रखंड, अनुमंडल एवं जिला स्तर के सभी सरकारी कार्यालयों में जनसुनवाई का आयोजन किया गया, जिसमें आम नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया तथा उनके त्वरित एवं प्रभावी निष्पादन हेतु आवश्यक कार्रवाई की गई।
जिला स्तर पर जनसुनवाई का आयोजन जिला पदाधिकारी श्री रवि प्रकाश के निर्देश के आलोक में जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी श्री शम्भू शरण पाण्डेय की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में किया गया।
जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों द्वारा कुल 19 शिकायतें दर्ज कराई गईं। कार्यक्रम के दौरान जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी द्वारा कई शिकायतों का ऑन-द-स्पॉट निष्पादन किया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को जाँचोपरांत आवश्यक कार्रवाई हेतु अग्रसारित किया गया।
जनसुनवाई के दौरान-नवादा सदर अंतर्गत ग्राम-खेमचंद्र बिगहा निवासी रंजन कुमार द्वारा अतिक्रमण हटाने के संबंध में, थाना-कौआकोल अंतर्गत ग्राम-छबैल निवासी चन्द्रिका राम द्वारा जमीनी विवाद के संबंध में, थाना-रोह अंतर्गत ग्राम-मनियोचक निवासी इन्दल कुमार द्वारा जमीनी विवाद के संबंध में तथा थाना-गोविंदपुर अंतर्गत ग्राम-बढ़ई बिगहा निवासी संतोष कुमार द्वारा पूर्व में दिए गए आवेदन पर कार्रवाई कराने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया गया। इसके अतिरिक्त अन्य परिवादियों द्वारा विभिन्न प्रकार की शिकायतें दर्ज कराई गईं।
जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी द्वारा संबंधित पदाधिकारियों को सभी मामलों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
इसी क्रम में अपर समाहर्ता, नवादा सदर एवं रजौली अनुमंडल सहित जिले के ग्राम पंचायत, थाना, अंचल, प्रखंड, अनुमंडल एवं जिला स्तर के सभी सरकारी कार्यालयों में भी जनसुनवाई का आयोजन किया गया, जहाँ आमजनों की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान हेतु आवश्यक कार्रवाई की गई।



