
रवि रंजन ।
नालंदा / हिलसा के चिकसौरा थाना क्षेत्र के गोंदु बिगहा गांव में नाली और रास्ते के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प और गोलीबारी हो गई। दिनदहाड़े हुई फायरिंग में गोली लगने से 30 वर्षीय अजय कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के लिए पटना ले जाने के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव और दहशत का माहौल है।
गोंदु बिगहा गांव में पड़ोसियों के बीच नाली और रास्ते को लेकर पिछले तीन दिनों से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि तीन दिन पहले भी इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों की महिलाओं के बीच मारपीट हुई थी। स्थानीय लोगों और पुलिस के हस्तक्षेप के बाद उस समय मामला शांत हो गया था।
गुरुवार को एक बार फिर विवाद भड़क गया। जानकारी के मुताबिक, अमरीक पासवान और विजय पासवान के बीच कहासुनी के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान गोलीबारी होने लगी। फायरिंग के बीच विजय पासवान के 30 वर्षीय पुत्र अजय कुमार के सीने के बाएं हिस्से में गोली लग गई। गोली लगने के बाद अजय गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।
परिजन और स्थानीय लोग आनन-फानन में उन्हें हिलसा अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए पटना पीएमसीएच रेफर कर दिया। हालांकि, पटना ले जाने के दौरान रास्ते में ही अजय कुमार ने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही चिकसौरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल की स्थिति और विवाद के कारणों की जानकारी जुटाई है।
चिकसौरा थानाध्यक्ष गौरव सिन्धु ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि नाली-गली विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प और गोलीबारी हुई, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हुई है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू कर दी गई है।



