
रवि रंजन ।
रहुई : जिले में लाश गिरने का सिलसिला जारी है। बुधवार को रहुई थाना क्षेत्र के हुसैना गांव में रॉड से पीटकर अधेड़ की हत्या कर दी गई। मृतक पेशौर पंचायत के पंसस 45 वर्षीय प्रदीप बिंद थे। भूमि विवाद में गोतिया के बदमाशों पर हत्या का आरोप लग रहा है।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि पंसस गांव में घर का निर्माण करा रहे थे। उसी दौरान गोतिया के बदमाशों ने रॉड से सिर पर मारकर उन्हें जख्मी कर दिया। परिजन जख्मी को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाएं ,जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
डॉक्टर द्वारा मृत घोषित किए जाने पर परिवार को विश्वास नहीं हुआ। उन्हें लगा कि पंसस जीवित हैं। इस कारण शव को लेकर निजी क्लिनिक चले गए। क्लिनिक के डॉक्टर ने भी मौत की पुष्टि की। तब करीब आधे घंटे के बाद परिजन फिर से शव लेकर सदर अस्पताल पहुंचे। मृतक के शरीर पर चाकू के जख्मों का निशान नहीं था। तब परिजनों ने खुलासा किया कि सिर पर रॉड से मार हत्या की गई है। गोतिया से पंसस का भूमि विवाद चला आ रहा था। उसी रंजिश में हत्याकांड को अंजाम दिया गया।
रहुई थानाध्यक्ष कुणाल कुमार ने बताया कि पुलिस घटना की जांच में जुट गई है।