
रवि रंजन |
समाज में आज भी दकियानूसी विचारों के लोगों की कमी नहीं है। ऐसे लोग बेटियों को बोझ समझते हैं। दकियानूसी विचार वाले पति व अन्य ससुराली परिवार ने तीन बेटियों को जन्म देने पर बहू की जबरन जहर पिलाकर हत्या कर दी। घटना गोखलपुर थाना क्षेत्र के धिमोय गांव में गुरुवार को हुई। मृतका राजेश कुमार की 30 वर्षीया पत्नी मनीता देवी थीं। घटना को अंजाम दे पति व सभी ससुराली परिवार गांव से भाग गया।
पटना जिला के बेलछी थाना क्षेत्र के टिल्हार निवासी मृतका का भाई अखिलेश कुमार ने बताया कि पंद्रह साल पहले मनीता की शादी हुई थी। उसने तीन बेटी को जन्म दिया। बेटा को जन्म नहीं देने पर ससुराली परिवार प्रताड़ित कर रहा था। उसे खाना नहीं दिया जाता था। पति, मायके से रुपया लाने का हर दिन दबाव बनाता था। इसी कारण बेरहमी से पिटाई कर जबरन जहर पिलाकर उसकी हत्या कर दी गई।
गोखुलपुर थानाध्यक्ष शिवम कुमार सुमन ने बताया कि मायके के परिवार ने दहेज हत्या का आवेदन दिया है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।