
रवीन्द्र नाथ भैया |
जिले के रजौली अनुमंडलीय अस्पताल में शनिवार सुबह इलाज के दौरान 50 वर्षीय अधेड़ की मौत हो गई।मौत के बाद उसकी पहचान को लेकर चर्चा खड़ा हो गया है, क्योंकि अस्पताल में उसके साथ कोई परिजन मौजूद नहीं था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
बीमार हालत में होटल संचालक ने कराया था भर्ती:-
अस्पताल सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार को स्थानीय होटल संचालक बीमार अवस्था में अधेड़ को इलाज के लिए अस्पताल लेकर आया था। चिकित्सक डॉ. रौशन कुमार और डॉ. परितोष कुमार ने उसका उपचार शुरू किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण शुक्रवार देर रात उसकी मौत हो गई।
पर्ची में दर्ज नाम, लेकिन परिजन नदारद:-
अस्पताल की पर्ची में मृतक की पहचान रजौली निवासी सन्नी भुइयां के पुत्र कैलाश कुमार के रूप में दर्ज है। हालांकि, मौत के कई घंटे बाद तक कोई परिजन अस्पताल नहीं पहुंचा। इसी वजह से पुलिस को मृतक की वास्तविक पहचान को लेकर संशय बना हुआ है।
पहचान के लिए पुलिस कर रही छानबीन:-
घटना की जानकारी मिलते ही एएसआई जयप्रकाश चौधरी पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी। मृतक की सही पहचान सुनिश्चित करने के लिए जांच-पड़ताल तेज कर दी गई है।
आसपास के लोगों से पूछताछ जारी:-
प्रभारी थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम चौकीदार की देखरेख में कराया जा रहा है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मृतक के परिजनों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पहचान स्पष्ट होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मौत के बाद कई सवाल छोड़ गया:-
बिना परिजन के अस्पताल पहुंचा व्यक्ति आखिर कौन था? अस्पताल की पर्ची में दर्ज नाम सही है या नहीं? इन सवालों के जवाब तलाशने में पुलिस जुटी हुई है। फिलहाल यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है और हर कोई मृतक की असली पहचान जानने को उत्सुक है।



