AdministrationLife StyleState

कस्तूरबा के छात्राओं ने बाल विवाह के खिलाफ चलाया जागरूकता अभियान – नवादा ।

रवीन्द्र नाथ भैया ।

जिले के गोविंदपुर मुख्यालय बाजार से समाज के लिए एक प्रेरणादायक तस्वीर सामने आयी है। 30 अप्रैल को अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की छात्राओं ने बाल विवाह जैसी सामाजिक बुराई के खिलाफ जागरूकता फैलाने के लिए भव्य शोभा यात्रा रैली निकाली।
विद्यालय की वार्डन बिंदु देवी के नेतृत्व में आयोजित इस शोभा यात्रा रैली में सैकड़ों छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में जागरूकता संबंधी तख्तियां और होठों पर बाल विवाह विरोधी नारों के साथ छात्राओं ने पूरे गोविंदपुर बाजार का भ्रमण किया। शोभायात्रा की शुरुआत कस्तूरबा विद्यालय परिसर से हुई। वहां से छात्राओं का दल थाना रोड होते हुए गोविंदपुर के मुख्य बाजार से गुजरी। बाजार में जगह-जगह लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक करने के लिए छात्राओं ने नारे लगाये और स्लोगन पढ़ी।
शिक्षा है हमारी असली शक्ति, छोटी उम्र में शादी नहीं, सपनों को दो ऊंची उड़ान जैसे नारों से बाजार का माहौल गूंजायमान हो उठा। यात्रा का समापन पुनः विद्यालय परिसर में किया गया, जहां बालिकाओं ने सामूहिक संकल्प लिया कि वे स्वयं भी बाल विवाह के खिलाफ आवाज उठायेंगी और अपने परिवार व समाज को भी इसके लिए जागरूक करेंगी। विद्यालय की वार्डन बिंदु देवी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि अक्षय तृतीया का दिन शुभ कार्यों के लिए जाना जाता है। ऐसे दिन हम सभी ने यह संकल्प लिया है कि बाल विवाह जैसी कुरीति को जड़ से खत्म करने में अपनी भूमिका निभायेंगे। शिक्षा ही बालिकाओं का सबसे बड़ा अधिकार और सबसे बड़ा अस्त्र है। गोविंदपुर बाजार के व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने भी शोभायात्रा का स्वागत करते हुए इसे एक सराहनीय पहल बताया। कई जगहों पर लोगों ने ताली बजाकर और छात्राओं को प्रोत्साहित कर उनका उत्साहवर्धन किया। समाज में बाल विवाह के प्रति चेतना फैलाने के उद्देश्य से विद्यालय प्रशासन का यह कदम काफी सराहनीय रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button