AdministrationState

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से लोक सेवा संबंधी बैठक आयोजित कर डीएम ने दिया निर्देश  – नवादा।

डीएम ने SOP के अनुपालन एवं फर्जी आवेदनों पर सख्त कार्रवाई का दिया निर्देश

रवीन्द्र नाथ भैया । 

जिलाधिकारी श्री रवि प्रकाश की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी अंचलाधिकारी, कार्यपालक सहायक एवं आईटी सहायक के साथ लोक सेवा केंद्रों के संचालन एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने हेतु महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि लोक सेवा से संबंधित सभी आवेदनों की जांच निर्धारित मानक कार्यप्रणाली (SOP) के अनुसार की जाए और प्रमाण पत्रों का निर्गमन पूर्णतया जांचोपरांत ही किया जाए। उन्होंने बताया कि कुछ शरारती तत्व लोक सेवा की छवि खराब करने की नीयत से जानबूझकर आवेदनों में अभिनेता अथवा जानवरों की फोटो संलग्न कर रहे हैं। ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के दौरान बिहार लोक शिकायत निवारण अधिनियम, 2015 की प्रक्रिया पर भी विस्तृत चर्चा हुई। जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी श्री शम्भू शरण पांडेय ने बताया कि इस अधिनियम के अंतर्गत प्राप्त शिकायतों का निष्पादन अधिकतम दो माह की अवधि में सुनिश्चित किया जाता है।
उन्होंने बताया कि प्रखंड एवं पंचायत स्तर से जुड़ी शिकायतों की सुनवाई अनुमंडलीय लोक शिकायत निवारण कार्यालय (नवादा सदर / रजौली) में की जाती है, जबकि जिला स्तरीय समस्याओं का समाधान समाहरणालय मुख्य गेट के पास स्थित लोक सेवा अधिकार अधिनियम भवन में संचालित जिला लोक शिकायत निवारण कार्यालय में किया जाता है।उन्होंने बताया कि यह पूरी प्रक्रिया निःशुल्क है और शिकायतकर्ता दोनों पक्षों की सुनवाई के उपरांत समाधान प्राप्त कर सकते हैं। यदि समाधान से असंतोष हो तो वे ऑनलाइन अथवा अन्य माध्यम से अपील कर सकते हैं।
अंत में, जनता से अपील की गई कि वे इस सुविधा का लाभ उठाएं और अपनी समस्याओं का समाधान कानूनी एवं संस्थागत माध्यमों से प्राप्त करें। साथ ही यह चेतावनी भी दी गई कि कोई भी व्यक्ति फर्जी दस्तावेज, भ्रामक फोटो अथवा असामाजिक गतिविधियों के माध्यम से प्रशासनिक प्रक्रिया में बाधा डालने का प्रयास करेगा, तो उसके विरुद्ध कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button