Welcome to KHABRE TV   Click to listen highlighted text! Welcome to KHABRE TV
AdministrationState

जिला प्रशासन की अनूठी पहल: पेंशनधारियों को अब नहीं जाना पड़ेगा दूर – बेतिया ।

ग्राम पंचायत स्तर पर निःशुल्क होगा जीवन प्रमाणीकरण,

सतेंद् पाठक ।

बेतिया। समाज कल्याण विभाग, बिहार के अंतर्गत संचालित पेंशन योजनाओं के सभी पात्र पेंशनधारियों को नियमित रूप से पेंशन राशि का भुगतान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ससमय जीवन प्रमाणीकरण (Life Certification) कराना आवश्यक है। जीवन प्रमाणीकरण यह प्रमाणित करता है कि संबंधित पेंशनधारी जीवित हैं, जिससे उनकी पेंशन का भुगतान निर्बाध रूप से जारी रखा जा सके।

इस संबंध में जिला पंचायत राज पदाधिकारी सौरव आलोक ने बताया कि जीवन प्रमाणीकरण एक आधार आधारित डिजिटल प्रक्रिया है, जिसमें पेंशनधारी अपने बायोमेट्रिक (अंगूठे के निशान अथवा आंख की पुतली यानी Iris) के माध्यम से प्रमाणीकरण करा सकते हैं। वर्तमान में कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के माध्यम से जीवन प्रमाणीकरण की सुविधा उपलब्ध है।

उन्होंने बताया कि जीवन प्रमाणीकरण की प्रक्रिया को और अधिक सुगम एवं सुलभ बनाने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी, तरनजोत सिंह द्वारा ग्राम पंचायत स्तर पर ही यह सुविधा उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है। इस नवाचार के तहत अब ग्राम पंचायत कार्यालय स्तर पर बायोमेट्रिक प्रणाली के माध्यम से पेंशनधारियों का निःशुल्क जीवन प्रमाणीकरण किया जाएगा। इसके लिए सभी ग्राम पंचायत कार्यपालक सहायकों को आवश्यक आईडी उपलब्ध करा दी गई है।

ग्राम पंचायत स्तर पर सुविधा उपलब्ध होने से पेंशनधारियों को जीवन प्रमाणीकरण के लिए दूर जाने की आवश्यकता नहीं होगी। सभी पंचायत कार्यपालक सहायकों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने पंचायत क्षेत्र के लंबित पेंशनधारियों का शत-प्रतिशत जीवन प्रमाणीकरण सुनिश्चित करें। साथ ही, क्षेत्र में ऐसे पेंशनधारी जिनकी मृत्यु हो चुकी है, उन्हें अनिवार्य रूप से चिन्हित करने का निर्देश दिया गया है।

उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत कार्यालय स्तर पर जीवन प्रमाणीकरण के साथ-साथ अन्य जनकल्याणकारी सेवाओं एवं योजनाओं, जैसे जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत आयुष्मान कार्ड सहित अन्य सुविधाओं का लाभ भी एक ही स्थान पर प्राप्त हो रहा है ।

सौरभ आलोक ने बताया कि पंचायत स्तरीय कर्मियों यथा विकास मित्र, पंचायत सचिव, कार्यपालक सहायक, किसान सलाहकार एवं राजस्व कर्मचारी को निर्देशित किया गया है कि वे स्वयं तथा माननीय जनप्रतिनिधियों की सहभागिता से इस सुविधा का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें, ताकि अधिक से अधिक पेंशनधारी इसका लाभ उठा सकें। वहीं, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों (BDO) को ग्राम पंचायत कार्यालय स्तर पर संचालित जीवन प्रमाणीकरण कार्य का नियमित अनुश्रवण करने का निर्देश दिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!