Welcome to KHABRE TV   Click to listen highlighted text! Welcome to KHABRE TV
Life StylePoliticalState

टीपी वर्मा कॉलेज विवाद: महिला कर्मियों को न्याय दिलाने की मांग, भाकपा ने डीएम से निष्पक्ष जांच की उठाई मांग – बेतिया ।

सतेंद्र पाठक ।

बेतिया। पश्चिम चंपारण के नरकटियागंज स्थित टीपी वर्मा कॉलेज में महिला कर्मियों से जुड़े विवाद ने तूल पकड़ लिया है। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला सचिव ओम प्रकाश क्रांति के नेतृत्व में जिला पदाधिकारी से मुलाकात कर कॉलेज के प्रधान लिपिक पर लगे गंभीर आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने और पीड़ित महिला कर्मियों को न्याय दिलाने की मांग की।
भाकपा जिला सचिव ओम प्रकाश क्रांति ने कहा कि कॉलेज की तीन महिला कर्मियों ने प्रधान लिपिक पर दुर्व्यवहार और वेतन भुगतान में भेदभाव जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि एक ही आदेश और पत्र के आधार पर नियुक्त कुछ कर्मचारियों को नियमित वेतन मिल रहा है, जबकि कुछ महिला कर्मियों का वेतन वर्षों से रोका गया है। उन्होंने इसे मनमानी और प्रशासनिक भेदभाव बताते हुए सवाल उठाया कि आखिर किन कारणों से इन महिलाओं को न्याय नहीं मिल पा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपने निलंबित कर्मचारियों को भी नियमानुसार आधा वेतन देती है, लेकिन कॉलेज में वर्षों से महिला कर्मियों का वेतन रोककर उन्हें मानसिक और आर्थिक प्रताड़ना दी जा रही है। भाकपा ने यह भी आरोप लगाया कि कॉलेज प्रशासन और प्राचार्य इस पूरे मामले में प्रधान लिपिक का संरक्षण कर रहे हैं, जिससे संस्थान की छवि धूमिल हो रही है।
ओम प्रकाश क्रांति ने बताया कि पीड़ित महिलाएं जनप्रतिनिधियों से लेकर प्रशासनिक अधिकारियों तक गुहार लगा चुकी हैं। जिला पदाधिकारी के निर्देश पर महिला हेल्पलाइन द्वारा मामले की जांच भी की गई, लेकिन अब तक महिलाओं को न्याय नहीं मिल सका। उन्होंने कहा कि इससे लोगों में आक्रोश बढ़ रहा है और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग तेज हो गई है।
भाकपा ने यह भी आरोप लगाया कि प्रधान लिपिक की मनमानी के कारण कॉलेज में वर्षों से संचालित बीबीए और बीसीए पाठ्यक्रमों को भी बंद कराने की कोशिश की जा रही है, जिससे छात्रों के भविष्य पर भी संकट मंडरा रहा है।
प्रतिनिधिमंडल की मांग पर जिला पदाधिकारी ने मामले की जिला स्तरीय जांच कराने और महिला हेल्पलाइन की जांच रिपोर्ट मंगाकर उसका परीक्षण करने का आश्वासन दिया है।
ओम प्रकाश क्रांति ने कहा कि यदि प्रशासन निष्पक्ष जांच कर पीड़ित महिलाओं को न्याय नहीं दिलाता है, तो नरकटियागंज में जनआंदोलन शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि टीपी वर्मा कॉलेज उनके लिए भावनात्मक रूप से जुड़ा संस्थान है, क्योंकि उन्होंने वर्ष 1979-81 बैच में इसी कॉलेज से इंटर की पढ़ाई की थी। इसलिए शिक्षा के इस मंदिर की गरिमा बनाए रखते हुए दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई आवश्यक है।
प्रतिनिधिमंडल में जिला सचिव ओम प्रकाश क्रांति के अलावा संजय सिंह, आरती और तारीक भी शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!