छठ के रंग में रंगा पल्लवी सिन्हा का नया गीत, कुंदन सिंह के निर्देशन में दिखी बिहार की आस्था और पुलिस के समर्पण की झलक – मुंबई ।

रवि रंजन ।
मुंबई : छठ महापर्व की लोक आस्था और बिहार की सांस्कृतिक विरासत को समर्पित नया छठ गीत रिलीज हो गया है। गायिका पल्लवी सिन्हा की सुरीली आवाज में सजे इस गीत में छठी मइया की भक्ति और भगवान सूर्य की आराधना को खूबसूरत अंदाज में पेश किया गया है। गीत के रिलीज होते ही भोजपुरी संगीत प्रेमियों के बीच इसे लेकर उत्साह देखा जा रहा है।

साईं विनायक के. फिल्म्स के बैनर तले तैयार इस गीत का निर्देशन कुंदन सिंह ने किया है। इसके गीतकार धीरज कुमार हैं, जबकि संगीत रोमी मुखर्जी ने दिया है। रंजन उपाध्याय ने छायांकन और धनशील कुमार ने संपादन की जिम्मेदारी निभाई है।
निर्देशक कुंदन सिंह के मुताबिक, छठ महापर्व सिर्फ एक त्योहार नहीं, बल्कि बिहार की आस्था, परंपरा और लोक संस्कृति की पहचान है। इसी भावना को ध्यान में रखते हुए गीत के फिल्मांकन में छठ के पारंपरिक माहौल और धार्मिक भावनाओं को प्रमुखता दी गई है।

इस गीत की खास बात यह भी है कि इसमें छठ की भक्ति के साथ बिहार पुलिस के त्याग और कर्तव्यनिष्ठा को भी जगह दी गई है। फिल्म के एक मार्मिक दृश्य में पुलिस के जवानों को त्योहार के दौरान अपने परिवार और निजी खुशियों से दूर रहकर ड्यूटी निभाते दिखाया गया है। इसके जरिए उन पुलिसकर्मियों के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया है, जो दूसरों की खुशियों और सुरक्षा के लिए अपने त्योहार का त्याग करते हैं।

वहीं, गायिका पल्लवी सिन्हा ने कहा कि छठ गीत गाना उनके लिए भावनात्मक और विशेष अनुभव है। छठ महापर्व हमारी संस्कृति और आस्था से गहराई से जुड़ा हुआ है। उन्होंने उम्मीद जताई कि उनकी आवाज में प्रस्तुत यह गीत श्रोताओं को पसंद आएगा और छठी मइया के प्रति लोगों की श्रद्धा को और मजबूत करेगा।



