Life StyleState

साहित्यकार पं. श्याम नारायण मिश्र ‘श्याम’ की प्रथम पुण्यतिथि पर साहित्यिक संगोष्ठी और कवि सम्मेलन, रचनाओं के जरिए दी गई श्रद्धांजलि – प्रतापगढ़ ।

रवि रंजन ।

प्रतापगढ़: साहित्य में नैतिकता, सदाचार और देशभक्ति के मूल्यों को अपनी लेखनी से जीवंत करने वाले साहित्यकार एवं अधिवक्ता पंडित श्याम नारायण मिश्र ‘श्याम’ की प्रथम पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा, संगोष्ठी और कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। सृजना साहित्यिक संस्था उत्तर प्रदे श की ओर से यह कार्यक्रम जयन्ती नगर, बाबागंज स्थित श्याम भवन में आयोजित हुआ। इस दौरान साहित्यकारों और कवियों ने उनकी रचनात्मक विरासत को याद करते हुए उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर चर्चा की।

कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की वंदना से हुई। मुख्य अतिथि अनिल प्रताप त्रिपाठी ‘प्रभात’ ने कहा कि श्याम जी ऐसे रचनाकार थे, जिन्होंने अपने साहित्य के माध्यम से सदाचार, नैतिकता, चरित्र निर्माण और देशभक्ति जैसे जीवन मूल्यों को प्रतिष्ठित किया। उनकी शिक्षाओं और आदर्शों को जीवन में अपनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे साहित्यकार एवं पूर्व बाल न्यायाधीश डॉ. दयाराम मौर्य ‘रत्न’ ने कहा कि श्याम जी की रचनाओं में भाषा, भाव और शैली का उत्कृष्ट समन्वय देखने को मिलता है। उन्होंने मानवीय संवेदनाओं और समाज के विभिन्न वर्गों के जीवन संघर्ष को अपनी लेखनी में प्रभावशाली ढंग से अभिव्यक्त किया। वे रस, छंद और अलंकार के भी गहरे जानकार थे।

इस मौके पर उनके सुपुत्र रुद्र नारायण मिश्र ने पिता की काव्य रचनाओं का सस्वर पाठ किया। उन्होंने भावुक होकर बताया कि उनके पिता किसान, मजदूर और देश के सैनिकों के प्रति विशेष संवेदनशीलता रखते थे। उनके जाने के बाद जीवन में जिम्मेदारियों का वास्तविक एहसास हुआ।

इसके बाद आयोजित कवि सम्मेलन में कवियों ने अपनी रचनाओं के जरिए दिवंगत साहित्यकार को काव्यात्मक श्रद्धांजलि दी। प्रेम कुमार त्रिपाठी ‘प्रेम’, अमित शुक्ल, डॉ. दयाराम मौर्य ‘रत्न’, उदय राज उजड़ड, सुरेश नारायण दूबे ‘व्योम’ और कार्यक्रम संचालक राधेश्याम दीवाना ने अपनी कविताओं से श्रोताओं को भावविभोर किया। खासकर स्मृतियों और जीवन दर्शन पर आधारित रचनाओं को खूब सराहना मिली।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में अनिल त्रिपाठी, प्रबंधक डॉल्फिन पब्लिक स्कूल मौजूद रहे। वहीं महावीर त्रिपाठी, अरविंद मिश्र, अमरनाथ ‘बेजोड़’, राम निरंजन शुक्ल और माधव प्रसाद यादव समेत कई साहित्यकार एवं कवि शामिल हुए।

साहित्यिक प्रस्तुतियों और भावपूर्ण स्मरण के बीच कार्यक्रम संपन्न हुआ। आयोजन के माध्यम से वक्ताओं ने पंडित श्याम नारायण मिश्र ‘श्याम’ के साहित्यिक योगदान और उनके आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button