CrimeState

मिक्सर मशीन पलटने से मजदूर की मौत, एक रेफर – नवादा |

रवीन्द्र नाथ भैया |

जिले की कोडरमा-तिलैया रेलवे लाइन परियोजना में कार्यरत मिक्सर मशीन पलटने से मजदूर की मौत हो गयी। घटना में घायल एक अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे रेफर कर दिया गया है। घटना रविवार की रात करीब दस बजे रजौली थाना क्षेत्र के परतौनिया की बतायी जाती है। मृतक की पहचान 27 वर्षीय टकलू भुइयां के रूप में की गयी है। घायल मजदूर की पहचान सरविंद कुमार के रूप में की गयी है। दोनों झारखंड के चतरा जिले के रहने वाले बताये जाते हैं। घटना के बाद दोनों को कोडरमा अस्पताल ले जाया गया जहां टकलू भुइयां को मृत घोषित कर दिया गया जबकि सरविंद कुमार को रांची रिम्स रेफर कर दिया गया है। दोनों वेल्डर का काम करते थे। नरसिंग कंस्ट्रक्शन करा रही काम:- कोडरमा-तिलैया रेलवे लाइन परियोजना का काम नरसिंग कंस्ट्रक्शन करा रही है। जानकारी के अनुसार, रात में दोनों ने कंक्रीट मिक्स करने वाले बड़े वाहन (ट्रांजिट मिक्सर) संख्या जेएच 19 सी 5136 को चालू करने का प्रयास कर रहे थे जिसकी चाभी पहले से ही लगी हुई थी। वाहन के चालू होते ही वह अनियंत्रित होकर कुछ ही दूर जाकर लगभग 200 फीट गहरी खाई में पलट गया। हादसे में टकलू भुइयां की मौके पर मौत हो गई।
टकलू अपने पीछे पत्नी और तीन छोटे बच्चे छोड़ गया है। परिजनों ने लगायी न्याय की गुहार:- पीड़ित परिजन किट्टू कुमार व इंद्रदेव भुइयां ने बताया कि मृतक टकलू भुइयां बीते पांच वर्षों से रेलवे में हो रहे निर्माण कार्य में जुटा हुआ था। कंपनी वालों ने न तो परिजनों को सूचित किया और न ही साथ काम करने वाले परिजनों को जानकारी दिया। एक का शव कोडरमा अस्पताल में पड़ा है और दूसरा घायल मजदूर रांची के किसी अस्पताल में जिंदगी और मौत की लड़ाई लड़ रहा है। परिजनों ने कम्पनी पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए स्थानीय प्रशासन से न्याय की गुहार लगायी है।
कम्पनी के प्रोजेक्ट मैनेजर कैलाश राय ने बताया कि दोनों मजदूर शराब के नशे में थे। नशे में गाड़ी चालू कर देने के कारण दुर्घटना हुई। कहते हैं थानाध्यक्ष:- रजौली थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि कोडरमा थानाध्यक्ष से बातचीत हुई है। शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सुपुर्द कर दिया जाएगा। मृतक के परिजनों के फर्द बयान के आलोक में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button