CrimeState

बांदा में युवक का गोली लगा शव मिला, 10 माह पुराने युवती के शव का मामला फिर चर्चा में

सहजाद अहमद ।

बांदा: उत्तर प्रदेश के बांदा में एक युवक का गोली लगा शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। जसपुरा थाना क्षेत्र के भुरवा नाले के पास मिले शव के सिर में गोली लगने के निशान हैं। घटनास्थल से देशी तमंचा, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ है। पुलिस शुरुआती जांच में आत्महत्या की आशंका जता रही है, हालांकि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

जानकारी के मुताबिक, ग्रामीण भुरवा नाले की ओर गए थे। इसी दौरान उनकी नजर वहां पड़े एक युवक के लहूलुहान शव पर पड़ी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने उच्चाधिकारियों को घटना की जानकारी दी। सीओ सदर प्रतीक्षा सिंह और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए।

मृतक की पहचान हमीरपुर जिले के सुमेरपुर थाना क्षेत्र के धुंधपुर निवासी अंशु पुत्र विजय बहादुर के रूप में हुई है। उसकी उम्र करीब 22 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

10 महीने पहले मिले युवती के शव का मामला भी चर्चा में

इस घटना के बाद करीब एक किलोमीटर दूर तरौड़ा गांव के जंगल में 10 महीने पहले मिले अज्ञात युवती के शव का मामला भी फिर चर्चा में आ गया है। बीती 24 फरवरी को जंगल में मवेशी चरा रहे चरवाहों ने युवती का शव देखा था, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई थी। करीब 10 महीने बीत जाने के बावजूद युवती की पहचान नहीं हो सकी है।

दोनों घटनास्थलों के बीच कम दूरी होने के कारण इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। हालांकि, पुलिस ने अभी तक दोनों घटनाओं के बीच किसी तरह के संबंध की पुष्टि नहीं की है। वहीं, ग्रामीणों ने युवक का शव मिलने के बाद पुलिस के मौके पर देर से पहुंचने की बात भी कही है।

पुलिस का बयान

सीओ सदर प्रतीक्षा सिंह के मुताबिक, भुरवा नाले में करीब 22 वर्षीय युवक का शव बरामद हुआ है। उसके सिर में गोली लगी है। युवक की पहचान कर ली गई है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button