परिजनों से नाराज होकर हाईटेंशन टावर पर चढ़ी 17 वर्षीय किशोरी, पुलिस की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा – बांदा ।

सहजाद अहमद ।
बांदा: उत्तर प्रदेश के बांदा में परिजनों से नाराज होकर घर से निकली 17 वर्षीय किशोरी के हाईटेंशन बिजली टावर पर पहुंचने से इलाके में हड़कंप मच गया। केन नदी किनारे स्थित ऊंचे ट्रांसमिशन टावर पर किशोरी को देखकर लोगों की चिंता बढ़ गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद किशोरी को सुरक्षित नीचे उतार लिया। पुलिस की तत्परता और सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया।

मामला मटौंध थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक, किशोरी के लापता होने की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई शुरू की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश के लिए दो विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया था।
इसी दौरान अगली सुबह पुलिस को सूचना मिली कि लापता किशोरी केन नदी किनारे स्थित हाईटेंशन ट्रांसमिशन टावर पर चढ़ गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम बिना देर किए मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद पुलिसकर्मियों ने किशोरी को भरोसे में लेकर समझाया और उसे सुरक्षित नीचे उतारने में सफलता हासिल की।
इस पूरे घटनाक्रम में पुलिस की सूझबूझ से किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया गया। फिलहाल पुलिस नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुटी है।
इस घटना ने एक बार फिर परिवारों के सामने किशोर-किशोरियों की भावनाओं और परेशानियों को गंभीरता से समझने की जरूरत को सामने ला दिया है। पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि बच्चों की समस्याओं और नाराजगी को नजरअंदाज न करें तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें।
सीओ सिटी सौरभ सिंह ने बताया कि मटौंध थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय किशोरी के लापता होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर दो टीमों को तलाश में लगाया। अगली सुबह जानकारी मिली कि किशोरी केन नदी किनारे हाईटेंशन ट्रांसमिशन टावर पर चढ़ गई है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे समझाया और सकुशल बरामद कर लिया। मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।



