बिहार पृथ्वी दिवस पर राजगीर जू सफारी में पर्यावरण संरक्षण का संदेश, कर्मियों और पर्यटकों ने ली 11-सूत्री शपथ – राजगीर ।

रवि रंजन ।
अलहदा / राजगीर: बिहार पृथ्वी दिवस के अवसर पर राजगीर जू सफारी में पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान जू सफारी के पदाधिकारियों, कर्मचारियों और पर्यटकों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर मौजूद लोगों ने उत्साहपूर्वक पौधे लगाए और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण, वृक्षों की सुरक्षा, जल संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग के महत्व पर लोगों को जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में कर्मियों और पर्यटकों को 11-सूत्री पर्यावरण संरक्षण शपथ दिलाई गई। शपथ के माध्यम से लोगों ने स्वच्छता बनाए रखने, प्लास्टिक के उपयोग को कम करने, जल एवं ऊर्जा की बचत करने और अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प लिया।
इसके साथ ही वृक्षों और जैव-विविधता की रक्षा करने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति समाज में जागरूकता फैलाने का भी संकल्प लिया गया। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि पर्यावरण की सुरक्षा केवल किसी एक व्यक्ति या विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी जरूरी है।
राजगीर जू सफारी में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को प्रकृति और वन्यजीवों के संरक्षण के प्रति संवेदनशील बनाना और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी का भाव विकसित करना रहा।
कार्यक्रम में डॉ. संजीत कुमार, पशुचिकित्सा पदाधिकारी, अजय कुमार, सहायक वन संरक्षक, सूरज कुमार एवं शिवम सिन्हा, वन क्षेत्र पदाधिकारी, फैज अनवर, वनपाल सहित राजगीर जू सफारी के कर्मचारी और बड़ी संख्या में पर्यटक मौजूद रहे।


