Welcome to KHABRE TV   Click to listen highlighted text! Welcome to KHABRE TV
AdministrationState

विकास एवं आधारभूत संरचना से संबंधित योजनाओं की प्रगति की डीएम ने की समीक्षा – नवादा |

रवीन्द्र नाथ भैया |

जिला पदाधिकारी श्री रवि प्रकाश की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में भू-अर्जन, ग्रामीण कार्य विभाग, पथ निर्माण विभाग, लघु सिंचाई, विद्युत आपूर्ति, सिंचाई प्रमंडल, बिहार राज्य पुल निर्माण निगम, स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन, भवन प्रमंडल एवं लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (पीएचईडी) सहित विभिन्न विभागों से संबंधित योजनाओं की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में गंगाजल आपूर्ति योजना फेज-02, पार्ट-01 की समीक्षा के दौरान बताया गया कि मुआवजा भुगतान हेतु कुल 05 एलपीसी प्राप्त हुए हैं तथा शेष रैयतों से आवश्यक कागजात प्राप्त करने के लिए शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। जिला पदाधिकारी ने अपर जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को निर्देश दिया कि शिविरों के माध्यम से सभी पात्र लाभुकों का एलपीसी निर्गत कराते हुए मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कराई जाए। साथ ही विस्थापित परिवारों के पुनर्वास एवं पुनर्व्यवस्थापन कार्य में तेजी लाने हेतु अधियाची निकाय को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
बिहार राज्य पुल निर्माण निगम से संबंधित योजनाओं की समीक्षा में बताया गया कि जिला अंतर्गत एनएच-31 के 97 वें किलोमीटर से कादिरगंज एसएच-08 (सकरी नदी) तक बाईपास-सह-सादीपुर रेलवे हॉल्ट के समीप रेलवे क्रॉसिंग पर आरओबी निर्माण कार्य हेतु संवेदक द्वारा साइट कैम्प का निर्माण कर लिया गया है तथा अर्जित भूमि के सीमांकन का कार्य प्रगति पर है।
फरहा में शिविर आयोजित कर एल.पी.सी. बनाने का निर्देश दिया गया। साथ ही नवादा एवं अकबरपुर अंचल क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-20 के सर्विस लेन निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।
लघु सिंचाई प्रमंडल की समीक्षा के क्रम में बताया गया कि डेनीझोर-2 पईन सिंचाई योजना तथा मुगदा से बगुरवन पईन सिंचाई योजना के जीर्णोद्धार कार्य पूर्ण कर लिए गए हैं। वहीं बेलधा आहर-पईन सिंचाई योजना एवं चौमुखी से डुमरी बघोर सिंचाई योजना का कार्य प्रगति पर है।
सिविल सर्जन, नवादा द्वारा अवगत कराया गया कि जिले के कुछ प्रखंडों में हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर (HWC) का निर्माण भूमि उपलब्धता एवं एनओसी के अभाव में लंबित है। इस पर जिला पदाधिकारी ने सभी अंचलाधिकारियों को शीघ्र उपयुक्त भूमि चिन्हित कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया ताकि निर्माण कार्य में तेजी लाई जा सके। साथ ही उन्होंने बीएमएसआईसीएल को बुधौल स्थित 200 बेड वाले सदर अस्पताल के निर्माण कार्य को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने हेतु आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया।
लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (पीएचईडी) की समीक्षा के दौरान कार्यपालक अभियंता ने बताया कि 9 टोलों का अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) अभी तक प्राप्त नहीं हुआ है जिसके कारण नल-जल योजना का कार्य पूर्ण नहीं हो सका है।जिला पदाधिकारी ने शीघ्र NOC प्राप्त करते हुए छूटे हुए टोलों में कार्य करने का निर्देश दिया।
कार्यपालक अभियंता ने जानकारी दी कि जिले में अधिष्ठापित 32,109 चापाकलों में से प्राप्त 2,603 शिकायतों के विरुद्ध 2,322 चापाकलों की मरम्मत कर दी गई है तथा शेष 281 चापाकलों की मरम्मत का कार्य जारी है।
पथ निर्माण विभाग की समीक्षा में बताया गया कि मंझवे-नरहट-फतेहपुर-गोविंदपुर पथ का 42.069 किलोमीटर लंबाई में बिहार स्टेट रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (BSRDCL) द्वारा चौड़ीकरण कार्य कराया जा रहा है।
इसी प्रकार कादिरगंज-रोह-कौआकोल-जमुई पथ का चौड़ीकरण कार्य भी प्रगति पर है।
बैठक में उप विकास आयुक्त, नवादा, सिविल सर्जन, डीसीएलआर, निदेशक डीआरडीए, जिला शिक्षा पदाधिकारी, अपर जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के कार्यपालक अभियंता, सभी अंचलाधिकारी तथा अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!