यदि राजगीर मेला देखने जा रहे हैं तो हो जाएं सावधान – नालन्दा ।
गिरियक-राजगीर रोड पर भीषण जाम से लोग परेशान

रवि रंजन ।
यदि आप राजगीर में आयोजित मलमास मेला घूमने या किसी अन्य जरूरी कार्य से राजगीर जाने की योजना बना रहे हैं, तो पहले यह खबर जरूर पढ़ लें…
नालंदा जिले के राजगीर – गिरियक रोड हनुमान चौक के समीप गुरुवार को भीषण सड़क जाम की स्थिति देखने को मिली, जहां करीब एक किलोमीटर से अधिक लंबी वाहनों की कतार लग गई। इस जाम में फंसकर लोग घंटों परेशान रहे और प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर नाराजगी जाहिर करते नजर आए।
इन दिनों राजगीर में विश्व प्रसिद्ध मलमास मेले का आयोजन चल रहा है। मेले में बिहार ही नहीं बल्कि देश के कई राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु, साधु-संत और पर्यटक पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ और वाहनों के अत्यधिक दबाव के कारण राजगीर आने-जाने वाले मुख्य मार्गों पर लगातार जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है।
गिरियक-राजगीर मुख्य सड़क पर लगे जाम ने आम लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। स्थिति यह हो गई कि सड़क पर छोटी-बड़ी गाड़ियों की लंबी कतार लग गई और वाहन रेंगते नजर आए। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन जाम की समस्या से निपटने में पूरी तरह विफल साबित हो रहा है।
सबसे बड़ी बात यह है कि जिस स्थान पर जाम लगा, वह मेला क्षेत्र के अंदर नहीं बल्कि गिरियक और पटना-बिहारशरीफ होते हुए राजगीर जाने वाले मुख्य मार्ग का हिस्सा है। इसके बावजूद ट्रैफिक नियंत्रण के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं दिखी। लोगों का आरोप है कि अगर प्रशासन पहले से ट्रैफिक प्लान तैयार करता और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती करता तो ऐसी स्थिति नहीं बनती।
जाम के कारण सिर्फ मेला घूमने आने वाले श्रद्धालु ही नहीं, बल्कि रोजमर्रा के काम से आने-जाने वाले स्थानीय लोग, मरीज, छात्र और व्यापारी भी परेशान होते दिखे। कई वाहन चालक घंटों तक सड़क पर फंसे रहे।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही एक छोटी सी वीडियो प्रशासनिक लापरवाही की पूरी तस्वीर बयां कर रही है। वीडियो में सड़क पर वाहनों की लंबी लाइन और जाम में फंसे परेशान लोग साफ नजर आ रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मलमास मेले के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाया जाए, ताकि श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को राहत मिल सके। फिलहाल राजगीर जाने वाले लोगों को सावधानी बरतने और अतिरिक्त समय लेकर निकलने की सलाह दी जा रही है।



