जोड़ा ईनार से कालीबाग मंदिर गेट रोड-निर्माण की गुणवत्ता की कमी होने पर संवेदक पर होगी सख्त कार्रवाई:गरिमा देवी सिकारिया – बेतिया ।
नगर निगम के वार्ड- 03 के जोड़ा ईनार से कालीबाग मंदिर गेट तक के जारी सड़क निर्माण का महापौर ने किया निरीक्षण

सतेंद्र पाठक ।
बेतिया। नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या- 03 स्थित जोड़ा ईनार स्कूल से कालीबाग मंदिर गेट तक निर्माणाधीन पीसीसी सड़क का सोमवार को महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्य की प्रगति और निर्माण गुणवत्ता का जायजा लिया तथा सहायक अभियंता को कहा कि संवेदक को निर्धारित मानकों के अनुरूप ही कार्य पूरा करने कराना है, इसकी जिम्मेदारी लें।
महापौर ने कहा कि नगर निगम की सभी विकास योजनाओं में गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता है। निर्माण सामग्री, मोटाई, ढलाई और फिनिशिंग सहित प्रत्येक बिंदु पर विभागीय मानकों का पूर्णतः पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
महापौर श्रीमती सिकारिया ने बताया कि कार्यादेश के अनुसार यह सड़क लगभग 27.39 लाख की लागत से छठे वित्त आयोग मद से यह पीसीसी सड़क निर्माण कराया जा रहा है। नगर निगम बोर्ड द्वारा पारित इस योजना के तहत जोड़ा ईनार स्कूल से कालीबाग मंदिर गेट तक पीसीसी सड़क का निर्माण महापौर ने गुणवत्ता के अनुसार निर्माण का आदेश दिया। जिससे कि राहगीरों के साथ स्थानीय लोगों को भी बेहतर आवागमन की सुविधा मिल सके।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने योजना के प्रभारी अभियंता को भी नियमित रूप से निर्माण कार्य की निगरानी करने तथा प्रत्येक चरण में गुणवत्ता की जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य नागरिकों को टिकाऊ एवं गुणवत्तापूर्ण आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है और सभी विकास योजनाएं निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण कराई जाएंगी।



