EntertainmentLife StyleState

पटना सिटी में 51 महिलाओं के सामूहिक छठ व्रत का संकल्प, नई दिशा परिवार ने समारोह आयोजित कर किया सम्मान – पटना ।

रवि रंजन ।

51 छठ व्रतियों का नई दिशा परिवार ने किया अभिनंदन, पैर की आकृति कपड़े पर उकेरकर किया सम्मानित

पटना सिटी। लोक आस्था के महापर्व छठ की श्रद्धा और सामाजिक समरसता की अनूठी तस्वीर पटना सिटी में देखने को मिली। सामाजिक-सांस्कृतिक संस्था नई दिशा परिवार के तत्वावधान में सामूहिक रूप से छठ व्रत करने का संकल्प लेने वाली 51 महिलाओं का स्वागत और अभिनंदन किया गया। समारोह में व्रतियों के प्रति सम्मान और आस्था का भाव देखने को मिला।

कार्यक्रम का उद्घाटन विधायक रत्नेश कुशवाहा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस मौके पर बिहार हिंदी साहित्य सम्मेलन के अध्यक्ष डॉ. अनिल सुलभ, समाजसेवी राजेश बल्लव, कमलनयन श्रीवास्तव, राजेश राज, नितिन कुमार रिंकु, केतन थिरानी, शशि शेखर रस्तोगी, शिव प्रसाद मोदी और विजय कुमार यादव समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। वक्ताओं ने छठ महापर्व की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए इसे आस्था, पवित्रता, त्याग और लोक संस्कृति से जुड़ा पर्व बताया।

समारोह का विशेष आकर्षण 51 छठ व्रतियों का अनूठे अंदाज में सम्मान रहा। व्रत करने वाली महिलाओं के पैरों की आकृति कपड़े पर उकेरी गई, जो उनके प्रति श्रद्धा और सम्मान का प्रतीक बनी। वहीं, छठ व्रत का संकल्प लेने वाली महिलाओं ने उपस्थित लोगों को आशीर्वाद दिया।

कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी समां बांधा। कलाकारों ने गीत और नृत्य के जरिए छठ की लोक परंपरा और सांस्कृतिक रंगों को जीवंत किया। दिव्यांका श्री और वासु सिंह के गीतों के साथ उजाला राज की प्रस्तुति ने लोगों का मन मोह लिया।

इस आयोजन में रितू राज, मोहित कुमार और परितोष सहित अन्य लोगों ने सक्रिय भूमिका निभाई। समारोह के जरिए नई दिशा परिवार ने छठ व्रतियों के सम्मान के साथ लोक आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं को बढ़ावा देने का संदेश दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button