Welcome to KHABRE TV   Click to listen highlighted text! Welcome to KHABRE TV
AdministrationCrimeState

खनिज माफियाओं के खिलाफ अभियान तेज, संयुक्त कार्रवाई से मचा हड़कंप नवादा |

रवीन्द्र नाथ भैया |

जिले में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ सरकार के सख्त रुख के बीच एक बार फिर से खनन विभाग का डंडा चला है। जिला खनन पदाधिकारी अमन प्रत्यय के कड़े निर्देशानुसार खनन विभाग और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने रजौली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले चितरकोली चेकपोस्ट के पास विशेष और सघन जांच अभियान चलाया, जिसमें उन्हे कामयाबी हाथ लगी है।
संयुक्त गश्ती दल का नेतृत्व खनन निरीक्षक संतोष कुमार झा और थाने के एएसआई जय प्रकाश कर रहे थे, जिनके साथ पुलिस बल के जवान भी मुस्तैद थे।
ओवरलोड गिट्टी लदा हाइवा जब्त, चालक पुलिस को चकमा देकर फरार:-
गश्ती के दौरान टीम लगातार हर आने-जाने वाले संदिग्ध वाहनों की कड़ाई से जांच कर रही थी कि इसी बीच गिट्टी से लदा एक हाइवा ट्रक संख्या जे एच 02 बीडब्ल्यू 4425 आता दिखाई दिया, जिसे टीम ने तुरंत घेराबंदी कर रोक लिया। अधिकारियों द्वारा जब मौके पर वाहन के कागजात और उसकी क्षमता की बारीकी से जांच की , तो पाया कि हाइवा तय मानकों से कहीं अधिक मात्रा में गिट्टी लादकर परिवहन कर रहा था। ओवरलोडिंग के गंभीर मामले को देखते हुए संयुक्त टीम ने बिना कोई देर किए गिट्टी लदे हाइवा ट्रक को मौके पर जब्त कर लिया।
हालांकि, जैसे ही पुलिस और खनन विभाग की टीम ने इस दंडात्मक कार्रवाई को अंजाम देना शुरू किया, वैसे ही मौका पाकर गिट्टी लोड हाइवा ट्रक का चालक चालाकी से भागने में सफल रहा, जिसकी खोज पुलिस द्वारा की जा रही है।
ओवरलोड हाइवा पर बड़ी कार्रवाई:- खनन निरीक्षक संतोष कुमार झा ने बताया कि जब्त किए गए हाइवा ट्रक पर नियमों के घोर उल्लंघन और ओवरलोडिंग के तहत सख्त कानूनी कदम उठाए गए हैं। विभाग द्वारा बारह लाख रूपये का भारी-भरकम जुर्माना लगाया गया है, साथ ही स्थानीय थाने में संबंधित नियमों के तहत प्राथमिकी दर्ज करा दी गई है ताकि दोषियों पर कानूनी शिकंजा कसा जा सके।
खनन विभाग के अधिकारियों ने साफ कर दिया है कि रजौली और इसके आस-पास के सीमावर्ती क्षेत्रों में ओवरलोडिंग, अवैध खनन तथा बिना चालान के होने वाले अवैध परिवहन को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी इस प्रकार का औचक चेकिंग अभियान पूरी कड़ाई के साथ लगातार जारी रहेगा ताकि राजस्व की चोरी और सड़कों को नुकसान पहुंचाने वाले माफियाओं पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!