Welcome to KHABRE TV   Click to listen highlighted text! Welcome to KHABRE TV
AdministrationLife StyleState

सड़क पर पेड़ गिरने से चारपहिया वाहनों का आवागमन ठप, ग्रामीण परेशान – नवादा |

रवीन्द्र नाथ भैया |

जिले के मेसकौर प्रखंड क्षेत्र के सेखावारा गांव के समीप शनिवार की रात आए तेज आंधी-तूफान और बारिश के कारण वर्षों पुराना लसोढ़ा का विशाल पेड़ सड़क पर गिर गया। पेड़ गिरने से मेसकौर से सेखावारा जाने वाले मुख्य मार्ग तथा हिसुआ – नवादा की ओर से आने वाले सड़क मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया है। खासकर चारपहिया वाहनों की आवाजाही ठप पड़ जाने से स्थानीय ग्रामीणों एवं राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि शनिवार रात अचानक तेज हवा और बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान सड़क किनारे स्थित पुराना लसोढ़ा का पेड़ जड़ से उखड़कर सड़क पर गिर पड़ा। पेड़ के सड़क पर गिरते ही दोनों ओर से आने-जाने वाले वाहनों का आवागमन प्रभावित हो गया।
रविवार सुबह जब लोग अपने दैनिक कार्यों के लिए निकले तो सड़क अवरुद्ध देखकर उन्हें काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों के अनुसार यह मार्ग क्षेत्र के कई गांवों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क पथ है। सड़क बंद होने से किसानों, विद्यार्थियों, मरीजों तथा अन्य यात्रियों को आवागमन में परेशानी हो रही है। कई वाहन चालकों को लंबी दूरी तय कर वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से अविलंब सड़क पर गिरे पेड़ को हटवाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो लोगों की परेशानी और बढ़ सकती है। साथ ही किसी आपातकालीन स्थिति में एंबुलेंस एवं अन्य आवश्यक सेवाओं के संचालन में भी बाधा उत्पन्न हो सकती है।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और स्थानीय प्रशासन से शीघ्र जेसीबी एवं कर्मियों की व्यवस्था कर सड़क को यातायात के लिए सुचारु बनाने की अपील की है। वहीं समाचार लिखे जाने तक सड़क पर गिरे पेड़ को हटाने का कार्य शुरू नहीं हो पाया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!