आई ग्लैम मिसेज इंडिया मेधा अवनीश को मिला ‘चित्रगुप्त सम्मान-2026’, बोलीं- कुछ भी करूंगी तो खास ही करूंगी – पटना ।
सौंदर्य प्रतियोगिता में बिहार का नाम किया रोशन, पत्रकारिता से लेकर रचनात्मकता तक के क्षेत्र में बनाई अलग पहचान

रवि रंजन ।
पटना : आई ग्लैम मिसेज इंडिया का खिताब जीतकर बिहार का मान बढ़ाने वाली मेधा अवनीश को चित्रगुप्त सामाजिक संस्थान, पटना की ओर से ‘चित्रगुप्त सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया। गिरिराज उत्सव पैलेस में आयोजित समारोह में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया। नागालैंड के राज्यपाल नंदकिशोर यादव, पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद, पद्मश्री डॉ. गोपाल प्रसाद सिन्हा, पूर्व कुलपति डॉ. केसी सिन्हा, बिहार विधान परिषद सदस्य डॉ. संजय प्रकाश मयूख और बिहार हिंदी साहित्य सम्मेलन के अध्यक्ष डॉ. अनिल सुलभ ने संयुक्त रूप से शॉल, स्मृति चिह्न और पौधा भेंट कर उन्हें सम्मानित किया। मेधा ने इस सम्मान के लिए संस्थान के प्रधान सचिव कमल नयन श्रीवास्तव के प्रति आभार जताया।
मेधा अवनीश की कहानी सिर्फ एक सौंदर्य प्रतियोगिता जीतने तक सीमित नहीं है। परिवार की जिम्मेदारियों के बीच अपनी प्रतिभा, शिक्षा और रचनात्मकता को जिंदा रखते हुए उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। शादीशुदा और दो बच्चों की मां मेधा ने एक नवंबर को ओडिशा के भुवनेश्वर में आयोजित प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल कर आई ग्लैम मिसेज इंडिया का खिताब अपने नाम किया। यह सौंदर्य प्रतियोगिताओं में उनकी दूसरी बड़ी उपलब्धि है। इससे पहले वर्ष 2024 में पटना में आयोजित आई ग्लैम प्रतियोगिता में वह टॉप मॉडल का खिताब जीत चुकी हैं।
पत्रकारिता से शुरू हुआ सफर
मूल रूप से बेगूसराय जिले के बाघी की रहने वाली और फिलहाल पटना के अनीसाबाद में रह रहीं मेधा ने पटना वीमेंस कॉलेज से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन और नालंदा ओपन यूनिवर्सिटी से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की पढ़ाई के दौरान ही उनका चयन मौर्य चैनल में एंकर के रूप में हुआ था। वह इसे अपने करियर का अहम पड़ाव मानती हैं। मेधा के मुताबिक, प्रकाश झा द्वारा मौर्य चैनल के लिए उनका चयन किया जाना उनके लिए गर्व का क्षण था। इस अवसर ने उनके आत्मविश्वास को नई मजबूती दी और मीडिया के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा भी दी।
प्रिंट मीडिया के साथ-साथ आकाशवाणी और दूरदर्शन से भी उनका जुड़ाव रहा है। बिहार के प्रमुख समाचार पत्रों में उनके 100 से अधिक फीचर आलेख प्रकाशित हो चुके हैं। दूरदर्शन और आकाशवाणी के कृषि दर्शन, युवा वाणी तथा कविता पाठ जैसे कार्यक्रमों में भी उन्होंने अपनी रचनात्मक प्रतिभा दिखाई है।
फिल्म निर्माण में भी दिलचस्पी
मेधा ने बिहार में फिल्म एप्रिसिएशन कोर्स के पहले बैच में शॉर्ट टर्म कोर्स पूरा किया था। इस दौरान उन्होंने फिल्म निर्माण की तकनीक और उससे जुड़ी बारीकियों को समझा। हालांकि, अब तक फिल्म निर्माण के क्षेत्र में कोई प्रोजेक्ट नहीं किया है, लेकिन भविष्य में इस दिशा में कुछ नया करने की इच्छा रखती हैं।
दुबई से वापसी के बाद मिली नई ऊर्जा
मेधा के जीवन में शादी के बाद एक नया मोड़ आया। उनके पति राजेश कुमार नालंदा के रहने वाले हैं और दुबई की एक प्रतिष्ठित कंपनी में कार्यरत हैं। शादी के बाद मेधा भी उनके साथ दुबई चली गई थीं, लेकिन वहां की परिस्थितियां उनके अनुकूल नहीं रहीं। भाषा की परेशानी, काम के सीमित अवसर और सामाजिक दायरे की कमी उनके लिए चुनौती बनी। आखिरकार उन्होंने भारत लौटने का फैसला किया।
बिहार वापस आने के बाद जब वह फिर से रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ीं तो उन्हें नई ऊर्जा और मानसिक सुकून मिला। इस सफर में पति का सहयोग और प्रोत्साहन लगातार मिलता रहा। मेधा मानती हैं कि परिवार का समर्थन उनकी उपलब्धियों में महत्वपूर्ण रहा है।
परिवार पहली प्राथमिकता, लेकिन सपनों से समझौता नहीं
मेधा के दोनों बच्चे अभी छोटे हैं। ऐसे में परिवार और बच्चों की देखभाल उनकी पहली प्राथमिकता है। वह स्वीकार करती हैं कि पारिवारिक जिम्मेदारियों के कारण लगातार किसी एक काम से जुड़ पाना संभव नहीं हो पाता, लेकिन उनकी रचनात्मकता आज भी बरकरार है। जब भी समय और अवसर मिलता है, वह कुछ नया करने की कोशिश करती हैं। उन्हें इस बात का संतोष है कि उनके बच्चे उनके काम और उपलब्धियों को समझते हैं और उन पर गर्व करते हैं।
अपने भविष्य के लक्ष्य को लेकर मेधा कहती हैं कि अभी उन्होंने कोई अंतिम लक्ष्य तय नहीं किया है। अब बच्चे धीरे-धीरे बड़े हो रहे हैं, इसलिए वह अपने लिए एक निश्चित लक्ष्य निर्धारित कर उस दिशा में आगे बढ़ना चाहती हैं। हालांकि, अपने काम को लेकर उनकी सोच बिल्कुल स्पष्ट है।
उनके शब्दों में, ”कुछ भी करूंगी तो क्रिएटिव ही करूंगी और खास ही करूंगी।”
हाल ही में मेधा अवनीश विश्वस्तरीय कायस्थ संगठन ग्लोबल कायस्थ कॉन्फ्रेंस (जीकेसी) से भी जुड़ी हैं। उनकी उपलब्धियां यह बताती हैं कि पारिवारिक जिम्मेदारियां निभाते हुए भी महिलाएं अपनी प्रतिभा और अलग पहचान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकती हैं।



