
रवि रंजन ।
बिंद (नालंदा): नालंदा के बिंद थाना क्षेत्र के एक गांव में सात साल की बच्ची से दुष्कर्म के प्रयास का मामला सामने आया है। बच्ची के परिजनों ने गांव के ही एक अधेड़ व्यक्ति पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है। आरोप है कि घटना के बाद मामला दबाने के लिए बच्ची के परिजनों को 50 हजार रुपये देने का प्रलोभन भी दिया गया।
बच्ची के पिता की ओर से थाने में दिए गए आवेदन के अनुसार, 6 अगस्त को बच्ची शौच के लिए घर से बाहर गई थी। आरोप है कि इसी दौरान गांव के एक व्यक्ति ने उसे पकड़ लिया और एक दालान में ले जाकर उसके साथ गलत काम करने का प्रयास किया।
बच्ची के शोर मचाने पर आरोपित ने कथित तौर पर उसे जान से मारने की धमकी दी। बच्ची की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपित वहां से फरार हो गया।
मामला दबाने के लिए पैसे देने का आरोप
बच्ची के पिता का आरोप है कि घटना के बाद आरोपित की ओर से मामले को दबाने के लिए परिवार को 50 हजार रुपये देने का प्रलोभन दिया गया। हालांकि, परिजनों ने इसकी शिकायत पुलिस से की और मामले में कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने शुरू की जांच
बिंद थानाध्यक्ष मुरली मनोहर आजाद ने बताया कि घटना को लेकर आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपों की सत्यता की पुष्टि की जा रही है।



