पुलिस अधीक्षक द्वारा मझौलिया थाना एवं मुफस्सिल थाना का औचक निरीक्षण किया गया – बेतिया ।

सतेंद्र पाठक ।
बेतिया। पश्चिम चम्पारण जिला के बेतिया पुलिस अधीक्षक द्वारा मझौलिया थाना एवं मुफस्सिल थाना का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान थाना के अभिलेखों, अपराध पंजी, मालखाना, हाजत, सीसीटीवी व्यवस्था, अभिलेख संधारण, साफ-सफाई, आगंतुक पंजी, आगंतुक कक्ष, वाहन व्यवस्था तथा अन्य प्रशासनिक एवं विधि-व्यवस्था संबंधी व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया गया।
पुलिस अधीक्षक ने संबंधित थानाअध्यक्षों को लंबित कांडों का त्वरित अनुसंधान एवं निष्पादन, वारंट एवं कुर्की का प्रभावी निष्पादन, फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी, नियमित वाहन जांच, शराबबंदी कानून का कड़ाई से अनुपालन, अपराध नियंत्रण तथा आमजन के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के उपरांत पुलिस अधीक्षक द्वारा बेतिया नगर क्षेत्र का व्यापक परिभ्रमण कर विधि-व्यवस्था की स्थिति, यातायात प्रबंधन, संवेदनशील स्थलों, प्रमुख चौक-चौराहों तथा बाजार क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को सतर्कता, निरंतर गश्ती, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों पर प्रभावी निगरानी तथा आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि पश्चिम चंपारण पुलिस जिले में विधि-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने तथा आमजन को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। निरीक्षण एवं परिभ्रमण के क्रम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-1 एवं अन्य पुलिस पदाधिकारी तथा कर्मी मौजूद रहे।
बेतिया पुलिस लोक व्यवस्था/विधि व्यवस्था के संधारण में अपने सर्वोत्कृष्ट स्तर के लिए प्रतिबद्ध है।



