
रवीन्द्र नाथ भैया |
जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में मंगलवार की रात दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में मातम का माहौल है।
मृतक की पहचान ग्राम बिवीपुरा निवासी करण कुमार के रूप में हुई है।
कादिरगंज-शादीपुर रोड पर हुआ भीषण हादसा:-
जानकारी के अनुसार करण कुमार मंगलवार की रात करीब आठ बजे कादिरगंज से शादीपुर रोड होते हुए अपने घर बिवीपुरा लौट रहा था। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रहे
अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस:-
घटना की जानकारी मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल भेजा। पुलिस ने आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी कर शव का पोस्टमार्टम कराया। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया ।
शव पहुंचते ही गांव में पसरा मातम:-
जैसे ही युवक का शव गांव पहुंचा, पूरा माहौल गमगीन हो गया। मां-पिता और अन्य परिजन शव से लिपटकर रोते-बिलखते रहे। मृतक के पिता मनोज मांझी का रो-रोकर बुरा हाल था और वह बार-बार बेसुध हो जा रहे थे।
ग्रामीणों ने बताया कि करण कुमार बेहद शांत और मिलनसार स्वभाव का युवक था। असमय मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई ।
अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस:-
पुलिस फिलहाल हादसे को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान में जुटी हुई है। आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपी चालक तक पहुंचा जा सके।



