वार्षिक उत्सव धूमधाम से संपन्न, अतिथियों ने बढ़ाया छात्रों का उत्साह – नालन्दा ।

रवि रंजन ।
बिहारशरीफ: आज लक्ष्यम अकादमी का पांचवां वार्षिक उत्सव बड़े ही हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस भव्य कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ट्रैफिक डीएसपी, नालंदा उपस्थित रहे। साथ ही सोगरा कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एस. के. मोहिउद्दीन, डॉ. साद बिन हामीद तथा नालंदा कॉलेज के मनोविज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मृत्युंजय कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुई। इसके बाद छात्रों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित सभी अतिथियों एवं अभिभावकों का मन मोह लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्सव का माहौल बना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा सभी मेधावी एवं प्रतिभाशाली छात्रों को पुरस्कार प्रदान किए गए। अतिथियों ने छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय के निदेशक श्री कमलेश कुमार ने अपने संबोधन में छात्रों को कड़ी मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि निरंतर प्रयास और सकारात्मक सोच से ही जीवन में सफलता प्राप्त की जा सकती है।
इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षकगण उपस्थित रहे, जिनमें अभिषेक सेन, मुस्कान कुमारी, राहुल राज, मधु कुमारी, शीला कुमारी, चंद्रशेखर सिंह, अमन कुमार, कल्पना भारती, चांदनी कुमारी, जय राम प्रजापति, विश्वनाथ कुमार चौधरी, धर्मवीर प्रसाद, जितेंद्र कुमार एवं प्रियंका शर्मा शामिल थे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में सभी शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।



