डीएमसीएच में रक्तदान शिविर, डॉ. धर्मशीला गुप्ता ने युवाओं को किया प्रेरित – दरभंगा ।

रवि रंजन ।
दरभंगा। विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर लहेरियासराय स्थित दरभंगा चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल के रक्त अधिकोष प्रांगण में बुधवार को रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन नेशनल मेडिकोज ऑर्गेनाइजेशन की डीएमसीएच इकाई द्वारा किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष एवँ राज्यसभा सांसद डॉ. धर्मशीला गुप्ता ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद डॉ. धर्मशीला गुप्ता ने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद को नया जीवन देने का सबसे बड़ा माध्यम है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे आगे आएं और नियमित रूप से रक्तदान करें। उन्होंने कहा कि देश को युवाओं की ऊर्जा, जागरूकता और योगदान की आवश्यकता है। एक यूनिट रक्त किसी व्यक्ति की जान बचा सकता है, इसलिए सभी को समय-समय पर रक्तदान करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शिविर समाज में मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं। डीएमसीएच और एनएमओ की यह पहल सराहनीय है।
शिविर में बड़ी संख्या में चिकित्सकों, एनएमओ कार्यकर्ताओं तथा छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। इस दौरान डॉ. शिला कुमारी, डॉ. राजेश कुमार झा, डॉ. आमोद कुमार झा, डॉ. अंकेश, डॉ. भरत कुमार, डॉ. अंकित, अमन और युवराज सहित कई लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने यह संकल्प लिया कि आवश्यकता पड़ने पर वे सदैव रक्तदान के लिए तैयार रहेंगे।



