20 दिसंबर को नवी मुंबई में जुटेगा कायस्थ समाज, विराट सम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी तेज – नवी मुंबई ।
राजीव रंजन प्रसाद बोले- समाज की एकजुटता और सामूहिक शक्ति का प्रतीक बनेगा सम्मेलन

रवि रंजन ।
नवी मुंबई: कायस्थ समाज को एकजुट करने और उसकी सामाजिक, सांस्कृतिक एवं संगठनात्मक शक्ति को नई पहचान देने की दिशा में ग्लोबल कायस्थ कॉन्फ्रेंस (जीकेसी) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। आगामी 20 दिसंबर 2026 को नवी मुंबई के खारघर में आयोजित होने वाले विराट कायस्थ सम्मेलन को सफल बनाने के लिए बेलापुर में विभिन्न कायस्थ संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सम्मेलन की रूपरेखा, व्यापक जनभागीदारी और विभिन्न संगठनों के बीच बेहतर समन्वय को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक को संबोधित करते हुए जीकेसी के ग्लोबल अध्यक्ष राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि 20 दिसंबर का विराट कायस्थ सम्मेलन समाज की एकजुटता, संगठनात्मक मजबूती और सामूहिक शक्ति का प्रतीक बनेगा। उन्होंने कहा कि कायस्थ समाज की अपनी गौरवशाली परंपरा, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और विशिष्ट पहचान रही है। आज जरूरत है कि समाज के सभी संगठन और प्रतिनिधि आपसी मतभेदों से ऊपर उठकर एक साझा मंच पर आएं। यह सम्मेलन समाज की प्रतिभा, एकता और सामूहिक संकल्प को नई दिशा देने का अवसर बनेगा। उन्होंने सभी कायस्थ संगठनों से आयोजन को सफल बनाने के लिए सक्रिय भागीदारी की अपील की।
जीकेसी की प्रबंध न्यासी रागिनी रंजन ने कहा कि यह सम्मेलन कायस्थ समाज की प्रतिभा, एकता और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने का सशक्त मंच बनेगा। उन्होंने सभी संगठनों से आपसी समन्वय और सहयोग के साथ तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।
वहीं, जीकेसी के राष्ट्रीय महासचिव नवीन कुमार ने कहा कि यह आयोजन संगठन के विस्तार और समाज को एक मजबूत साझा मंच पर लाने की दिशा में महत्वपूर्ण पड़ाव साबित होगा। उन्होंने सम्मेलन में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए व्यापक संपर्क अभियान चलाने पर जोर दिया।
जीकेसी की ग्लोबल सीएफओ निष्का रंजन ने कहा कि किसी भी बड़े आयोजन की सफलता सामूहिक प्रयास और बेहतर समन्वय पर निर्भर करती है। उन्होंने समाज के हर वर्ग को सम्मेलन से जोड़ने और सुनियोजित तरीके से तैयारियों को आगे बढ़ाने की जरूरत बताई।
बैठक में सुनील सिन्हा, राजेश श्रीवास्तव, कैप्टन अमिताभ श्रीवास्तव, विशाल आनंद, बिहार फाउंडेशन मुंबई चैप्टर के सचिव नवनीत जायपुरियार, बेलापुर विधानसभा क्षेत्र के समन्वयक प्रहलाद महाशेठ, पनवेल विधानसभा क्षेत्र के समन्वयक मुरारी ठाकुर, ऐरोली विधानसभा क्षेत्र के समन्वयक विकास सिंह राजपूत तथा उरण विधानसभा क्षेत्र के समन्वयक राजेश श्रीवास्तव ने भी अपने विचार रखे।
बैठक के दौरान सम्मेलन की तैयारियों के साथ-साथ कायस्थ संगठनों के बीच आपसी तालमेल, व्यापक जनसंपर्क और समाज की सामाजिक, सांस्कृतिक एवं राजनीतिक भागीदारी को मजबूत करने जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। उपस्थित प्रतिनिधियों ने 20 दिसंबर 2026 को होने वाले विराट कायस्थ सम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया।
जीकेसी की इस पहल को कायस्थ समाज को एक साझा मंच पर लाने और उसकी सामूहिक भागीदारी को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।



